JNU में फिर से लाल सलाम, ABVP चारों पदों पर पिछड़ी, बिहार के धनंजय बन सकते हैं अध्यक्ष
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में मतगणना जारी है। जेएनयू में अध्यक्ष पद किसके पास होगा इसका फैसला कुछ देर में हो जाएगा। शुरुआती रुझानों में आगे निकलने के बाद बीजेपी की छात्र ईकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) अब पिछड़ती दिख रही है।
शुरुआत में अध्यक्ष समेत चारों पदों पर ABVP ने अच्छी बढ़त बना ली थी। मगर धीरे-धीरे अब लेफ्ट के कैंडिडेट्स आगे हो गए हैं। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में 4 साल बाद हुए छात्र संघ चुनाव (Student Union Election) में रिकॉर्ड 73 फीसदी वोटिंग हुई थी। चार साल के अंतराल के बाद वोटिंग हुई और 7,700 से ज्यादा रजिस्टर्ड मतदाताओं ने सीक्रेट वोटिंग के जरिये अपना वोट डाला।

अध्यक्ष
अध्यक्ष पद के लिए लगभग 3,300 मतपत्रों की गिनती के बाद लेफ्ट की बढ़त देखी गई है। इससे पहले एबीवीपी ने बढ़त बनाई हुई थी। बिहार के गया के लेफ्ट उम्मीदवार को 2,411 वोट मिले हैं। ABVP के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार उमेश चंद्र अजमेरा को 1,787 वोट मिले हैं।
उपाध्यक्ष
उपाध्यक्ष पद के लिए बीजेपी की दीपिका शर्मा ने पहले बढ़त बना रखी थी मगर अब वो 1,545 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर चली गई हैं। वहीं, लेफ्ट के अविजीत घोष 2,135 वोटों के साथ पहले स्थान पर आ गए हैं।
महासचिव
महासचिव पद के लिए BAPSA की प्रियांशी आर्य 2,719 वोटों के साथ पहले नंबर पर चल रही हैं। ABVP के अर्जुन आनंद बढ़त बनाने के बाद पिछड़ गए हैं। 1,992 वोटों के साथ वो दूसरे नंबर पर हैं।
संयुक्त सचिव
संयुक्त सचिव पद के लिए हो रहे चुनाव में कांटे की टक्कर चल रही है। ABVP के प्रत्याशी फिलहाल आगे हैं। गोविंद दांगी को 2,159 वोट मिले हैं। लेफ्ट के मो. साजिद 2,326 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
आपको बता दें कि 1969 में जब से जेएनयू की स्थापना हुई, तब से वामपंथी छात्र संगठनों, विशेष रूप से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) से संबद्ध स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) का छात्र राजनीति पर गहरा प्रभाव रहा है।
एसएफआई को अध्यक्ष पद पर 22 बार प्रभावशाली जीत मिली है, जबकि ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएसए) ने 11 बार यह पद हासिल किया है।
इस बार के चुनाव में वाम विचारधारा वाले सभी दल एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। यूनाइटेड लेफ्ट में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स फेडरेशन (DSF), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) शामिल हैं। लेफ्ट ने अध्यक्ष पद के लिए धनंजय, उपाध्यक्ष के लिए अविजीत घोष और संयुक्त सचिव के लिए मोहम्मद साजिद को मैदान में उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications