JNU के गोदावरी हॉस्टल में गिरी कमरे की छत, हादसे के वक्त रूम में सो रही थी छात्रा
नई दिल्ली, अक्टूबर 04। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में एक हॉस्टल के अंदर कमरे की छत ढहने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि यह घटना कैंपस के गोदावरी हॉस्टल में घटी है। जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त हॉस्टल के कमरे में एक छात्रा स्वाति सिंह मौजूद थी और उसी की स्टडी टेबल पर छत का मलबा आकर गिरा। हालांकि स्वाति को इस घटना में कोई चोट नहीं आई है, लेकिन उसका लैपटॉप और अन्य जरूरी सामान क्षतिग्रस्त हो गया है।

घटना के वक्त रूम में सो रही थी छात्रा
डेमोक्रेटिक स्टूडेंट फेडरेशन की अध्यक्ष स्वाति सिंह ने बताया है कि जेएनयू कैंपस के गोदावरी हॉस्टल में एक कमरे की छत का हिस्सा ढह गया है। हालांकि इस हादसे में किसी भी छात्रा को चोट नहीं आई है, लेकिन जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त कमरे में रहने वाली छात्रा वहीं सो रही थी। छत का मलबा स्टडी टेबल पर आकर गिरा और वहां रखा लैपटॉप टूट गया।
इसी साल अप्रैल में भी हुआ था ऐसा हादसा
इस घटना ने जेएनयू के इन्फ्रास्ट्रक्चर की एक बार फिर से पोल खोल दी है। दरअसल, कैंपस की इमारतें एकदम जर्जर हालत में हैं और ऐसा भी नहीं है कि इस तरह की घटना कोई पहली बार हुई है। इससे पहले अप्रैल के महीने में साबरमती हॉस्टल के अंदर भी बाथरूम की छत गिरने से एक स्टूडेंट गंभीर रूप से घायल हो गया था।
छात्रों ने की हॉस्टर की मरम्मत की मांग
डेमोक्रेटिक स्टूडेंट फेडरेशन की अध्यक्ष स्वाति सिंह ने बताया है कि अधिकारियों से कई बार जर्जर इमारतों की शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उस पर कोई सुनवाई नहीं होती। खुद छात्रों ने भी इसकी शिकायत कई बार की है। पिछले महीने ही कुछ छात्र संगठनों ने इसको लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। अब जेएनयू के छात्रों ने मांग की है कि गोदावरी हॉस्टर की मरम्मत कराई जाए, कई कमरों में लीकेज की भी समस्या है। छात्रों की मांग है कि यह काम तत्काल किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications