22 जुलाई से शुरू होगा दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल 2, कोविड की दूसरी लहर के चलते 18 मई से था बंद
नई दिल्ली, जुलाई 17। कोरोना महामारी की दूसरी लहर के कारण यात्रियों की संख्या में आई गिरावट की वजह से बंद पड़ा दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल 2 अब शुरू होने वाला है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने ये घोषणा की है कि टर्मिनल 2 का संचालन 22 मई से शुरू हो जाएगा। बता दें कि टर्मिनल 2 18 मई से बंद था। ऐसे में टर्मिनल 2 की फ्लाइटों का संचालन टर्मिनल 3 से किया जा रहा था।

अभी 200 फ्लाइट का ही होगा संचालन
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, 22 जुलाई को सुबह 12 बजे से टर्मिनल 2 को शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन यहां पर एक दिन में 200 फ्लाइट का ही प्रतिदिन संचालन होगा, जिसमें 100 प्रस्थान वाली और 100 आगमन वाली फ्लाइट होंगी। हालांकि अगस्त के अंत तक इस संख्या को बढ़ाकर 280 तक करने की योजना है।
इंडिगो की पहली फ्लाइट पहुंचेगी टर्मिनल 2 पर
जानकारी के मुताबिक, 22 जुलाई को सबसे पहले इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E2000-6E2999 टर्मिनल 2 पर पहुंचेगी। इंडिगो एयरलाइंस ने परेशानी मुक्त यात्रा के लिए एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले यात्रियों को अपनी फ्लाइट नंबर और टर्मिनल की जांच कर लेने की सलाह दी है।
कोरोना की दूसरी लहर के बाद घटी यात्रियों की संख्या
आपको बता दें कि इस घोषणा से पहले DIAL के अधिकारियों ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया था कि टर्मिनल 2 को इसी महीने शुरू किया जा सकता है, लेकिन अभी तारीख तय नहीं हुई है। अधिकारी ने कहा था, "हमने फरवरी 2021 में प्रतिदिन 1.2 लाख यात्रियों को हैंडल कर रहे थे, जो पिछले मार्च के अंत में कोविड के प्रकोप के बाद सबसे ज्यादा था, लेकिन दूसरी लहर के दौरान, यह संख्या 30,000 तक पहुंच गई और दूसरी लहर के बाद हम वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 60,000 यात्रियों को हैंडल कर रहे हैं।''












Click it and Unblock the Notifications