Delhi Weather: झमाझम बारिश में नहाई दिल्ली, मौसम हुआ सुहाना, देखें तस्वीरें
नई दिल्ली, 16 जून। बुधवार को दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। बारिश की वजह से दिल्ली के ताप में कमी आई हैं। मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे दिल्लीवासियों के चेहरे पर इस बरसात ने मुस्कान बिखेर दी है क्योंकि बारिश के कारण इस वक्त दिल्ली का मौसम सुहाना हो गया है। मालूम हो कि मानसून हिंद-अरब सागर की ओर से भारत के दक्षिण-पश्चिम तट पर आनी वाली हवाओं को कहते हैं जो भारत में बरसात कराती हैं। ये ऐसी मौसमी पवन होती हैं, जो दक्षिणी एशिया क्षेत्र में जून से सितंबर तक, केवल 4 महीने एक्टिव रहती हैं। हाइड्रोलोजी में मानसून का मतलब है- ऐसी हवा जो बारिश कराए।
दिल्ली में हुई बारिश, मौसम हुआ सुहाना
गौरतलब है कि एक दिन पहले मौसम विभाग ने कहा था कि पछुआ हवाओं की वजह से मानसून की स्पीड में कमी आई है इसलिए दिल्लीवालों को मानसून का थोड़ा इंतजार करनाा पड़ेगा लेकिन दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में प्री-मानसून की गतिविधियां जारी रहेंगी।
यह पढ़ें: Monsoon की बारिश से मुंबई बेहाल, आज भी हाई टाइड की आशंका
मानसून की बारिश का इंतजार
वैसे आपको बता दें कि दिल्ली में मानसून की एंट्री जून के अंतिम सप्ताह में होती है। विभाग ने आज से लेकर अगले 24 घंटों तक दिल्ली में बारिश का अलर्ट जारी किया है और कहा है कि बारिश के दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल में ऑरेज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2-3 दिनों में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, गुजरात के कुछ हिस्सों और मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है तो वहीं उत्तराखंड और हिमाचल में ऑरेज अलर्ट जारी है।
मुंबई फिर पानी-पानी
मानसून की बारिश ने एक बार फिर से मुंबई को पानी-पानी कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के इलाकों में पानी भरने की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज भी यहां भारी बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है, आज शाम चार बजे यहां फिर से हाई टाइड आने की संभावना है।