Delhi Rain: भारी बारिश ने खोली दिल्ली की पोल, पूरा सिस्टम फेल, आज स्कूल बंद, कई विमान सेवाएं प्रभावित
Delhi Rain: देश की राजधानी में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। हर तरफ पानी ही पानी भरा नजर आ रहा है। जलभराव के चलते लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बारिश ने दिल्ली के पूरे सिस्टम की कलई खोलकर रख दी है। कई जगह पर बारिश के चलते जलभराव, दीवार गिरने, लोगों के नालों में गिरने की खबर सामने आई हैं। यह बारिश दिल्ली के लोगों के लिए जान की आफत बनकर आई है। भारी बारिश के बाद लोगों की सुरक्षा को लेकर खतरा मंडरा रहा है।

घर में रहने की सलाह
Recommended Video
दिल्ली में भारी बारिश के कारण जलभराव और इमारतों के ढहने से लोगों को भारी व्यवधान का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने शहरवासियों को घर के अंदर रहने को कहा है, आवश्यक नहीं होने पर यात्रा करने से मना किया है। रामलीला मैदान के पास सिविक सेंटर समेत कई इलाके पानी में डूब गए।
छतरपुर नदी में तब्दील
दक्षिण दिल्ली के छतरपुर इलाके में सड़कें नदियों में तब्दील हो गई हैं। यहां चप्पलें पानी में तैरती दिखीं और गाड़ियां बाढ़ से सड़कों पर जूझती दिखीं। प्रगति मैदान टनल में भारी जलभराव है, जबकि आईटीओ और धौला कुआं जैसे प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक जाम के चलते घंटों लोग फंसे रहे। मूसलाधार बारिश की वजह से एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सड़कें भी बुरी तरह प्रभावित रहीं।
प्रेस क्लब में भरा पानी
बारिश के चलते प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के परिसर में बारिश का पानी घुस गया, जिसमें लोग घुटनों तक पानी में बैठे हुए नजर आए। दरियागंज स्थित एक निजी स्कूल की दीवार भारी बारिश के कारण ढह गई, जिससे आस-पास खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
सब्जी मंडी में ढहा घर
वहीं सब्जी मंडी में लगातार बारिश के कारण एक घर ढह गया। सब्जी मंडी के एक निवासी ने कहा कि लोगों ने एमसीडी की चेतावनियों की अनदेखी की, जिसकी वजह से यहां के हालात इतने बुरे हैं। एमसीडी ने इन इमारतों को नोटिस भेजा था और कहा था कि या तो वे खाली कर दें या उन्हें ठीक करवा लें। लेकिन लोग सुनते ही नहीं।
गौर करने वाली बात है कि ओल्ड राजेंद्र नगर में हाल ही में एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भर जाने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद दिल्ली के लोग आंदोलित हैं। लोगों का कहना है कि एमसीडी ने नालों की सफाई नहीं कराई है, जिसकी वजह से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।
आज स्कूल रहेंगे बंद
वहीं दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा कि लगातार भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण 1 अगस्त को सभी स्कूल बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और एमसीडी दोनों ही बारिश के चलते भविष्य में होने वाली घटनाओं को रोकने में जुटी हैं। निचले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
भाजपा-आप आमने-सामने
भारी बारिश के बीच आतिशी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके कहा पिछले दो घंटों में दिल्ली में बहुत भारी बारिश हुई है। दिल्ली सरकार और एमसीडी निचले इलाकों और जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों पर कड़ी नजर रख रही है, ताकि कोई अप्रिय घटना ना घटे।। दिल्ली के हाल पर भाजपा ने आप पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली घटनाओं से दिल्ली सरकार ने कोई सबक नहीं लिया है।
हवाई सेवाएं प्रभावित
खराब मौसम के चलते दिल्ली में हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने वाली कम से कम 10 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है, जिसमे आठ जयपुर और दो लखनऊ की फ्लाइट शामिल हैं। एयरलाइंस की ओर से बारिश के चलते ने संभावित व्यवधानों की चेतावनी दी गई है।
एलजी ने दिए निर्देश
दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने अधिकारियों को सतर्क रहने और कोचिंग सेंटरों सहित जलभराव की आशंका वाले स्थानों पर समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सोशल मीडिा पर एक पोस्ट में कहा कि आम लोगों को कम से कम असुविधा हो इस बात को सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जलभराव की आशंका वाले स्थानों पर समस्याओं का विशेष रूप से समाधान किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications