Haryana Assembly Elections: उम्मीदवारों के नामों पर BJP की हुई CEC की बैठक, PM मोदी भी हुए शामिल
Haryana Assembly Elections: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे। बीजेपी सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवारों को उनकी जीत की संभावना के आधार पर प्राथमिकता दी जा रही है।
पार्टी के एक अन्य सूत्र ने कहा कि बीजेपी स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देगी, स्थानीय स्तर पर किए गए कार्यों का प्रचार करेगी और जातिगत समीकरणों, जीत की संभावना और लोकप्रियता के आधार पर टिकट बांटेगी। हरियाणा कोर ग्रुप की बैठक के बारे में बीजेपर नेता और हरियाणा के पूर्व मंत्री अनिल विज ने मीडिया से कहा कि प्रदेश की टीम ने केंद्रीय नेतृत्व को सारी बातों से अवगत करा दिया है। हमारी पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी है। अब केंद्रीय नेतृत्व केंद्रीय संसदीय बोर्ड में इस पर फैसला लेगा।

खिलाड़ियों को भी सूची में मिल सकती है जगह!
हरियाणा के कुछ नेताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव हार चुके कुछ पूर्व सांसदों को भी टिकट दिया जा सकता है। दूसरे दलों से आए नेताओं को भी भाजपा की सूची में जगह मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक बीजेपी के उम्मीदवारों की सूची में कई खिलाड़ियों को भी जगह मिल सकती है। इससे पहले आज हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची तय करने के लिए भाजपा के कोर ग्रुप की गुरुवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर 5 घंटे तक बैठक चली। बैठक में उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा हुई। बैठक में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, मनोहर लाल खट्टर, कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, अनिल विज, सुधा यादव, कैप्टन अभिमन्यु, हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और हरियाणा प्रभारी विप्लव देब मौजूद रहे।
90 सीटों के लिए होगा मतदान
हरियाणा विधानसभा चुनाव की 90 सीटों के लिए 1 अक्टूबर को मतदान होगा। नतीजे 4 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इससे पहले मंगलवार को हरियाणा चुनाव से पहले जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपने गठबंधन की घोषणा की। यह गठबंधन हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा, जिसमें जेजेपी 70 सीटों पर और एएसपी 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हरियाणा में एक चरण में 1 अक्टूबर को मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications