दिल्ली वालों के लिए राहत भरी खबर, BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों से प्रतिबंध हटा
दिल्ली वालों के लिए एक राहत भरी खबर है, रविवार को केजरीवाल सरकार ने बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों से प्रतिबंध हटा लिया। सरकार ने इस महीने की शुरुआत में खराब वायु गुणवत्ता सूचकांक को देखते हुए ये आदेश जारी किया था, लेकिन अब प्रदूषण थोड़ा कम होने की वजह से इसे हटा लिया गया है।

इस फैसले से उन हजारों वाहन चालकों को फायदा होगा, जिनकी गाड़ी 5 नवंबर से नहीं चल पा रही थी। अब वो आराम से दिल्ली में सफर कर सकते हैं। हालांकि पीयूसी सर्टिफिकेट को लेकर अभी भी सरकार सख्त है। मामले में परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि इस निर्णय का मतलब है कि सोमवार से दिल्ली की सड़कों पर सभी प्रकार के वाहन बिना किसी प्रतिबंध के चल सकते हैं।
अधिकारी ने कहा कि ये प्रतिबंध रविवार रात को 12 बजे से खत्म हो गया, क्योंकि सरकार ने इसे बढ़ाने का कोई आदेश जारी नहीं किया था। हालांकि उच्च अधिकारी हालात की निगरानी कर रहे हैं, अगर प्रदूषण फिर से बढ़ा तो इस पर दोबारा से फैसला लिया जा सकता है। फिलहाल अभी सब वाहन दिल्ली आ सकते हैं।
5 लाख वाहन थे प्रभावित
आपको बता दें कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के चरण 3 के तहत बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया था। एक अनुमान के मुताबिक इस वजह से तीन लाख डीजल और 2 लाख पेट्रोल वाहन प्रभावित हुए। वहीं इस नियम का जिन्होंने भी उल्लंघन किया, उनका 20 हजार रुपये का चालान काटा गया। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक उनकी ओर से करीब 4000 से ज्यादा वाहनों का जुर्माना किया गया था।
AQI में हो रहा सुधार
धीरे-धीरे दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार हो रहा है। दिल्ली में रविवार और शनिवार को AQI 303 था जबकि शुक्रवार को इसे 346 रिकॉर्ड किया गया।












Click it and Unblock the Notifications