दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण, गोपाल राय ने बुलाई अहम बैठक
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित रखने के लिए प्रदेश की अरविंद केजरीवाल सरकार हर संभव कदम उठा रही है। इस बाबत प्रदेश के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने आज दिल्ली सचिवालय में संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक बुलाई है। इस बैठक में प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए क्या जरूरी कदम उठाने की जरूरत है, इसपर चर्चा हो सकती है।
बता दें कि बुधवार की सुबह दिल्ली की हवा काफी प्रदूषित पाई गई है, यह बेहद खराब कैटेगरी में पहुंच गई है। आंकड़ों के अनुसार शहर के ट्रांसपोर्ट सेक्टर और बाकी अन्य स्रोतों से होने वाला एमिशन इसकी बड़ी वजह है और इसने पीएम 2.5 में सबसे अधिक योगदान दिया है।

डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के आंकड़े के अनुसार दिल्ली में ट्रांसपोर्ट सेक्टर ने 11.83 फीसदी का योगदान पीएम 2.5 में दिया है। जिसमे नोएडा का योगदान 14.28 फीसदी और गाजियाबाद का योगदान 7.99 फीसदी है। गोपाल राय ने कहा दिल्ली के लिए 1 नवंबर से 15 नवंबर काफी संवेदनशील होते हैं। अभी तापमान में भी कमी देखी जा रही है, हवा की गति भी कम है। ऐसे में जितने भी धूल कण हैं वे काफी नीचे हैं। कल AQI 350 के करीब था। दिल्ली में 13 हॉटस्पॉट पर काम हो रहे हैं। इससे काफी चीजें नियंत्रण में आई हैं। कुछ जगहों पर गाड़ियों द्वारा प्रदूषण ज्यादा हो रहा है। उसको लेकर पूरी दिल्ली के संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक रखी गई है।
दिल्ली में 24 घंटे का औसत एक्यूआई 372 रहा है, जोकि बेहद खराब की श्रेणी में है। न्यू मोती बाग में एक्यूआई 435 दर्ज हुआ है जोकि सबसे खराब है। इसके बाद आनंद विहार और वजीरपुर में 422 दर्ज किया गया है। एक्यूआई 401-500 के बीच गंभीर प्रदूषण की श्रेणी में आता है यह स्वास्थ्य को काफी प्रभावित करता है। इससे गंभीर बीमारी हो सकती है।
गौर करने वाली बात है कि दिल्ली में प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार ने पहले ही एंटी डस्ट अभियान, रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ अभियान की शुरुआत कर दी है। साथ ही 15 हॉटस्पॉट की पहचान करके इसके लिए एक्शन प्लान बनाया गया है। इसपर निगरानी रखने के लिए ग्रीन वॉर रूम भी बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications