VIDEO: अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन की छत से कूदी लड़की, CISF ने कंबल के सहारे बचाई जान
नई दिल्ली, 14 अप्रैल: नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार को अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर पंजाब की एक युवती ने 40 फुट ऊंचे प्लेटफार्म से नीचे कूदकर अपनी जान देने का प्रयास किया किंतु सीआईएसएफ जवानों एवं अन्य ने उसे बचा लिया। पूरी घटना गुरुवार सुबह 7.30 बजे के आसपास की है। सीआईएसएफ की ओर से इस घटना का वीडियो शेयर किया गया है।

स्टेशन की छत पर चढ़ी लड़की
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार को एक लड़की अचानक प्लेटफॉर्म नंबर 2 से अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन की दीवार से छत पर चढ़ गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मेट्रो स्टेशन पर सुबह करीब साढ़े सात बजे जब यात्रियों ने इस महिला को प्लेटफार्म नंबर दो के किनारे पर खड़ा देखा तब उन्होंने सीआईएसएफ को सूचित किया और सीआईएसएफ के जवान वहां पहुंचे और वे महिला को यह घातक कदम नहीं उठाने के लिए मनाने लगे।

लड़की को कैच कर बचाई जान
उन्होंने बताया कि इसी बीच एक टीम नीचे गयी ताकि उसे सुरक्षित करने के लिए प्रबंध किया जा सके। उनके अनुसार उसी समय वह युवती नीचे कूद गयी और नीचे मौजूद सीआईएसएफ एवं अन्य ने कंबल फैलाकर उसे बचा लिया। ऊंचाई से गिरने की गंभीरता के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी लेकिन उसकी जान बच गयी। सुरक्षाबलों ने उस लड़की को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया है।
देखें वीडियो
लड़की को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि वह बयान देने की हालत में नहीं है और उसकी हालत गंभीर है। लड़की के पैरों में चोट लगी है। इसके अलावा शरीर के कुछ हिस्सों में भी चोट आई है, लेकिन कहीं से भी खून नहीं निकला है।

लड़की दिव्यांग बताई जा रही है
पुलिस ने आगे कहा, घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे प्लेटफॉर्म नंबर दो की ओर हुई। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि लड़की ने यह चरम कदम क्यों उठाया।सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि 20-22 साल की यह युवती पंजाब की है। ऐसी अपुष्ट खबर है कि कि वह न तो बोल सकती है और न ही सुन सकती है।












Click it and Unblock the Notifications