Delhi: गाजीपुर लैंडफिल साइट पर आग की घटना के बाद एक्शन में पुलिस, इन धाराओं में FIR दर्ज
Ghazipur Landfill Site Fire: राजधानी दिल्ली की गाजीपुर लैंडफिल साइट, जिसे आमतौर पर कूड़े का पहाड़ बोला जाता है, वहां रविवार शाम (21 अप्रैल) को भीषण आग लग गई, जो रात तक जारी रहने के बाद सोमवार सुबह तक धुंआ से घिरी हुई है। अब इस पूरी घटना पर दिल्ली पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 336 (दूसरों की जान या निजी सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) और धारा 278 (माहौल को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बनाना) के तहत मामला दर्ज किया है।

बता दें कि गाजीपुर लैंडफिल में पैदा होने वाली गैस के कारण आग लगी है, जिसकी वजह से डंपिंग यार्ड से धुएं का गुबार निकलने लगा, जिससे नोएडा से लेकर गाजियाबाद तक दमघोंटूं हवा ने लोगों को परेशान कर रखा है।
Recommended Video
इधर, फायर बिग्रेड के लोगों भी आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे। अग्निशमन कर्मियों के अनुसार गर्म और शुष्क मौसम की स्थिति के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है।
सोमवार को गाजीपुर लैंडफिल में भीषण आग लगने के कुछ घंटों बाद भी वहां से धुएं का घना गुबार आसमान की ओर उठ रहा था। एक स्थानीय ने बताया कि आग लगे हुए 15 घंटे हो गए हैं। यह धुआं कोई आम धुआं नहीं है, यह बहुत जहरीला है। हम जलन के कारण अपनी आंखें खुली नहीं रख पा रहे हैं और सांस लेने में कठिनाई हो रही है।
इधर, दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) एसओ नरेश कुमार के मुताबिक आग लैंडफिल में पैदा हुई गैस के कारण लगी थी। शुरुआती जांच के मुताबिक ऐसा लग रहा है कि आग ताजे कचरे में मीथेन के कारण लगी है।
उन्होंने बताया रविवार दोपहर को तापमान में अचानक वृद्धि हुई और ऐसा लगता है कि कचरे से निकलने वाली मीथेन हवा के संपर्क में आ गई और आग लग गई। हमने अपने कर्मचारियों को इसे देखते हुए अधिक सतर्क रहने के लिए कहा है। एक अधिकारी ने कहा, ''आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने वाला है और लापरवाही बरतने पर आग लगने की बड़ी घटना हो सकती है।''
बता दें कि अग्निशमन विभाग को रविवार शाम 5.22 बजे आग लगने की सूचना मिली और आग बुझाने के लिए 14 दमकल गाड़ियों को भेजा गया। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन जहरीली धुंआ का गुबार अभी भी उठ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications