दिल्ली: गणपति विसर्जन के दौरान एक ही परिवार के चार लोग डूबे, दो की मौत
दिल्ली में गुरुवार को गणेश विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ, जहां यमुना नदी में एक ही परिवार के चार लोग डूब गए। आनन-फानन में उनको निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिसमें दो की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक नोएडा से एक ही परिवार के लोग दिल्ली में यमुना नदी में गणपति विसर्जन के लिए गए थे। तभी तीन नाबालिग भाई और उनका एक मौसेरा भाई डूब गए। वहां मौजूद लोगों ने चारों को बचाने की कोशिश की लेकिन वो कामयाब नहीं हुए।

पुलिस के मुताबिक निठारी गांव से गणेश जी की मूर्ति विसर्जन के लिए आई थी। उसके साथ करीब 16 लोग थे। वो मयूर विहार थाना इलाके में यमुना नदी के पास गए और विसर्जन की प्रक्रिया शुरू की। तभी तीन नाबालिग भाई नीरज, कृष्ण और सचिन दलदल में फंस गए। उनके साथ उनका मौसेरा भाई अभिषेक भी था।
उन्होंने चिल्लाना शुरू किया, जिससे आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे। वो तेजी से डूब रहे थे, लेकिन किसी तरह चारों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक नीरज और कृष्ण को मृत घोषित कर दिया गया। सचिन की हालत गंभीर बनी हुई है, उसका इलाज चाइल्ड पीजीआई में चल रहा। वहीं अभिषेक को नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
मैनपुरी में भी 4 लोग डूबे
इसी तरह की घटना गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में हुई। वहां पर बड़ी संख्या में लोग गणेश विसर्जन करने गए हुए थे। तभी कुंड में 5 लोग डूब गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उनको निकालने का काम शुरू किया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक नहाते हुए युवक कुंड की गहराई में पहुंच गए थे। वहां पर वो डूबने लगे। कुछ लोगों ने उनको बचाने की कोशिश की, लेकिन वो कामयाब नहीं हुए।












Click it and Unblock the Notifications