दिल्ली के अशोक विहार में अटलांटिस बैंक्वेट हॉल में लगी आग, एक स्टाफ मेंबर की हुई मौत
नई दिल्ली, मई 17। भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच राजधानी दिल्ली में आग लगने की घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को वेस्ट दिल्ली के अशोक विहार इलाके में स्थित अटलांटिस बैंक्वेट हॉल में भीषण आग लग गई। मौके पर दमकल विभाग की 12 गाड़ियां आग बुझाने के लिए पहुंची कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि अभी आग लगने की वजह का पता नहीं चला पाया है।

बैंक्वेट हॉल के एक स्टाफ मेंबर की मौत
जानकारी के अनुसार, इस हादसे में बैंक्वेंट हॉल के एक स्टाफ मेंबर की मौत हो गई है। दम घुटने की वजह से वो बेहोश हो गया था। जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो वहां उसकी मौत हो गई। यह जानकारी दिल्ली पुलिस ने दी है। पुलिस ने बताया है कि बैंक्वेट हॉल के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी थी। फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मचारियों के जॉइंट ऑपरेशन की वजह से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो गया है। हालांकि इस घटना में बैंक्वेट हॉल के एक स्टाफ मेंबर की मौत हो गई बाकि सभी सुरक्षित हैं।
13 मई को मुंडका में लगी थी भीषण आग
आपको बता दें कि बीते 13 मई को वेस्ट दिल्ली के ही मुंडका इलाके में मेट्रो स्टेशन के पास एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायलों का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है। आग लगने की घटना के वक्त बिल्डिंग में 100 के करीब लोग मौजूद थे। इस हादसे की जांच हो रही है। फिलहाल 3 आरोपी पुलिस रिमांड में हैं। वहीं उत्तरी नगर निगम ने तीन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications