दिल्ली के प्रशांत विहार में विस्फोट, मौके पर मिली सफेद पाउडर जैसी चीज, केजरीवाल ने केंद्र सरकार को घेरा
Delhi Prashant Vihar Bomb News: राजधानी दिल्ली के प्रशांत विहार में PVR के पास गुरुवार 28 नवंबर को धमाका हुआ है। धमाके की सूचना पर NSG कमांडो के साथ डॉग यूनिट, एफएसएल टीम के साथ-साथ दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच, स्पेशल सेल और बम निरोधक दस्ते टीम पहुंच गई।
जांच टीम फिलहाल इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह किस तरह का ब्लास्ट है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे कुछ दूरी पर ही 20 अक्तूबर को विस्फोट हुआ था। उस वक्त भी मौके पर सफेद पाउडर जैसा कुछ मिला था। वहीं, अब फिर धमाके पास बाउंड्री वॉल के पास मौके पर सफेद पाउडर जैसी चीज बिखरी हुई मिली है।

बता दें, इस विस्फोट के बाद मौके पर धुआं उठता दिखा। ऐसा बताया जा रहा है कि यह विस्फोट सुबह 11 बजकर 48 मिनट पर प्रशांत विहार के बंसी स्वीट्स के पास हुआ है। संदिग्ध धमाके की बात पीसीआर कॉल पर बताई गई थी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की चार गाड़िया मौके पर पहुंच गई थी।
इस बीच, पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशांत विहार में धमाके की घटना के बाद पुलिस की तैनाती पर डीसीपी पूर्वी दिल्ली अपूर्वा गुप्ता ने कहा कि तमाम जगह पर स्टाफ की तैनाती पहले ही की गई थी। चेकिंग भी हो रही थी। मार्केट इलाकों में तुरंत स्टाफ की तैनाती बढ़ाई गई है।
हम इलाकों को सैनिटाइज भी कर रहे हैं। भीड़ भाड़ वाली मार्केट में मार्केट प्रबंधन को सचेत कर रहे हैं। हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। वहीं, अब इन धमाकों पर राजनीति भी शुरू हो गई है। इस धमाकों को लेकर आम आदमी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर हमला बोला है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में मर्डर, रंगदारी, लूट और लगातार बढ़ते क्राइम से जनता पहले से ही डर के साये में है और गुरुवार को एक धमाका भी हो गया। दिल्ली में आराम से और सुरक्षित जीने का सबको अधिकार है. गृहमंत्री अमित शाह जी, कृपया नींद से जागिए और अपनी जिम्मेदारी निभाइए।












Click it and Unblock the Notifications