Delhi-NCR Earthquake: दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके, तीव्रता 6.1, देर तक कांपी धरती
Delhi Earthquake: एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप के कारण देर तक धरती कांपी, जिसके चलते लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.1 मापी गई, जिसका केंद्र अफगानिस्तान का फैजाबाद बताया गया।
दिल्ली एनसीआर में गुरुवार को एक बार फिर भूकंप से दहशत फैल गई। भूकंप के तेज झटके को लोगों ने काफी देर तक महसूस किया। जैसे ही धरती हिली लोग अपने घरों और ऑफिस से निकल खुले जगहों पर चले गए। फिलहाल अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की जानकारी नहीं है।

भूकंप का मुख्य केंद्र अफगानिस्तान के फैजाबाद में था। हिंदुकुश क्षेत्र में रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र हिंदुकुश में जमीन से करीब 220 किलोमीटर नीचे था। दिल्ली एनसीआर के अलावा जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भी भूकंप के इन तेज झटकों को महसूस किया गया है।
भारत में दिल्ली-एनसीआर के अलावा मेरठ, चंडीगढ़, गुरुग्राम जैसे शहरों में धरती कांप गई। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के पुंछ, राजौरी, जम्मू में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। अब तक कहीं से भी नुकसान की खबर नहीं है।
पाकिस्तान सहित उत्तर भारत में झटके
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर आया था। भूकंप के झटके उत्तर भारत में महसूस किए गए हैं। इसके अलावा पाकिस्तान की जियो न्यूज के अनुसार लाहौर, इस्लामाबाद और खैबर पख्तूनख्वा शहरों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।
एक दिन पहले अंडमान में आया था भूकंप
इससे पहले 10 जनवरी को केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीप समूह पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक सुबह 7 बजकर 53 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता 4.1 मापी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications