DUSU Row: प्रोफेसर को थप्पड़ मारने के बाद दो गुट में बंटा छात्र संगठन, दीपिका झा ने अपनी सफाई में क्या कहा?
DUSU Deepika Jha Controversy: दिल्ली यूनिवर्सिटी (Delhi University) के डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में उस वक्त हंगामा मच गया जब दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) की संयुक्त सचिव और ABVP की सदस्य दीपिका झा ने कॉलेज के कॉमर्स प्रोफेसर सुजीत कुमार को कथित तौर पर एक बैठक के दौरान थप्पड़ मार दिया।
यह घटना कॉलेज में चल रही एक अनुशासन समिति की मीटिंग के दौरान हुई, जिसमें दिल्ली पुलिस के जवान भी मौजूद थे। इस मामले के बाद विश्विद्यालय के अंदर छात्र संगठन दो गुट में बंट गए जिसके बाद दीपिका झा ने अपनी बात रखते हुए बताया कि आखिर ये घटना कैसै हुई...

घटना कैसे हुई?
जानकारी के मुताबिक, यह मीटिंग कॉलेज में छात्रों के बीच हुई झड़प के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी। इसी दौरान प्रोफेसर सुजीत कुमार और DUSU नेता दीपिका झा के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए 32 सेकंड के एक वीडियो में दीपिका झा को प्रोफेसर को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मी बीच-बचाव करती नजर आती है।
दीपिका झा ने क्या कहा?
घटना के बाद दीपिका झा ने अपने बयान में कहा, जब मैंने उनसे कहा कि मैंने उन्हें सार्वजनिक जगह पर धूम्रपान करते देखा है और यह छात्रों पर गलत असर डालता है, तो उन्होंने मुझे अपशब्द कहे और मुस्कराने लगे। मुझे बहुत गुस्सा आया और मैंने गुस्से में आकर थप्पड़ मार दिया। हालांकि, उन्होंने बाद में एक वीडियो जारी कर माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर ने न सिर्फ उनके साथ दुर्व्यवहार किया, बल्कि उन्हें धमकाया भी था। दीपिका ने कहा, मुझे अफसोस है कि मैंने ऐसा कदम उठाया। मेरा किसी की भावना आहत करने का इरादा नहीं था।
प्रोफेसर सुजीत कुमार का पक्ष
वहीं, प्रोफेसर सुजीत कुमार ने अपने बयान में ABVP पर आरोप लगाया कि वे कॉलेज की अनुशासन समिति की मीटिंग में जबरन घुस आए थे। उन्होंने बताया कि एक माह पहले कॉलेज में छात्र परिषद चुनाव के दौरान NSUI से जुड़े छात्र पर ABVP सदस्यों ने हमला किया था, जिस पर तीन छात्रों को निलंबित किया गया था।
उन्होंने कहा,मीटिंग के दौरान वही निलंबित छात्र दोबारा झगड़ा करने लगे और ABVP नेता मेरे ऊपर दबाव बनाने लगे कि मैं उन्हें वापस बहाल कर दूं। उसी दौरान दीपिका झा आईं और मेरे गाल पर थप्पड़ मार दिया।
छात्र संगठनों में नाराजगी
घटना के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इस मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय जांच समिति गठित की है। इस समिति की अध्यक्षता जूलॉजी विभाग की प्रोफेसर नीता सेहगल कर रही हैं। कुलपति योगेश सिंह ने समिति को दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
घटना के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (DUTA) ने नॉर्थ कैंपस में प्रदर्शन किया और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और अन्य छात्र संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को इस तरह की हिंसा के प्रति 'ज़ीरो टॉलरेंस' नीति अपनानी चाहिए।
पुलिस जांच जारी
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में शिकायत प्राप्त कर ली है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया,वीडियो की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है और सभी पक्षों से बयान दर्ज किए जा रहे हैं। यह घटना दिल्ली यूनिवर्सिटी परिसर में छात्र राजनीति और अनुशासन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है। एक ओर शिक्षकों का आक्रोश है, वहीं दूसरी ओर छात्र संगठनों में तीखी बयानबाजी। अब सबकी नजर विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई और जांच समिति की रिपोर्ट पर है।












Click it and Unblock the Notifications