DUSU Election: कौन हैं राहुल झांसला? NSUI के एकलौते प्रत्याशी जो बने दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ उपाध्यक्ष
DUSU Election Result 2025: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव 2025 के नतीजे आ चुके हैं। इस बार अध्यक्ष सहित चार पदों में से तीन पर ABVP ने जीत दर्ज की है, जबकि केवल उपाध्यक्ष पद NSUI के खाते में गया है। उपाध्यक्ष पद पर राहुल झांसला ने बाज़ी मारते हुए ABVP उम्मीदवार गोविंद तंवर को करारी शिकस्त दी। राहुल को 29,339 वोट मिले, जबकि गोविंद तंवर को 20,547 वोट हासिल हुए। वहीं AISA-SFI के प्रत्याशी सोहन कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
छात्र राजनीति में पिछले दो साल से सक्रिय राहुल झांसला ने जीत के बाद छात्रों से जुड़े कई सुधारों का वादा किया है। उन्होंने कहा कि वे स्पोर्ट्स सिस्टम को मज़बूत करने, साफ-सुथरे हॉस्टल, बेहतर क्लासरूम मैनेजमेंट, पीने का साफ पानी और महिला विकास प्रकोष्ठ की स्थापना पर काम करेंगे।

DUSU Election Result- कौन हैं राहुल झांसला?
राहुल झांसला (Rahul Jhansla) राजस्थान के अलवर ज़िले के रहने वाले हैं और इस समय दिल्ली यूनिवर्सिटी में MA बौद्ध अध्ययन (Buddhist Studies) के पहले वर्ष के छात्र हैं। उनकी उम्र 24 साल है और वे पिछले दो साल से लगातार छात्र राजनीति में सक्रिय हैं।
राहुल झांसला ने कई छात्र आंदोलनों में हिस्सा लिया और फीस बढ़ोतरी, हॉस्टल की समस्याएँ, क्लासरूम मैनेजमेंट और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाया। चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें पूर्वांचल और राजस्थान से जुड़े छात्र संगठनों का बड़ा समर्थन मिला।
सामान्य पृष्ठभूमि से आते हैं राहुल
राहुल झांसला का परिवार सामान्य पृष्ठभूमि से है, लेकिन राहुल की मेहनत और सक्रियता ने उन्हें छात्र राजनीति में एक दमदार पहचान दिलाई है। इस बार NSUI के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि तीन महत्वपूर्ण पद ABVP के कब्जे में गए, जबकि उपाध्यक्ष की कुर्सी राहुल ने अपने नाम कर सभी की निगाहें अपनी ओर खींच ली हैं।
निःशब्द हूं, भावविभोर हूं- राहुल झांसला
वहीं जीत के बाद राहुल झांसला ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि, 'अभिभूत हूं, निःशब्द हूं, भावविभोर हूं !दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनावों में उपाध्यक्ष पद पर विश्वास जताने के लिए मैं आप सभी का हार्दिक आभार प्रकट करता हूँ। दिल्ली हाईकोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार किसी भी प्रकार विजय जुलूस निकालना प्रतिबंधित है। अतः सभी कार्यकर्ताओं, साथियों और शुभचिंतकों से अपील करता हूँ कि न्यायालय के आदेशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार के विजय जुलूस से दूर रहे।'
ये भी पढ़ें: DUSU Election 2025: दिल्ली यूनिवर्सिटी अध्यक्ष को क्या-क्या फायदे मिलते हैं और क्यों है ये पद इतना पावरफुल?
4 में से 3 पद ABVP के, 1 पद NSUI के खाते में
दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव में इस बार चार में से तीन पदों पर एबीवीपी (ABVP) की जीत रही और एक पद NSUI के खाते में गया। अध्यक्ष पद पर ABVP के आर्यन मान ने 28,841 वोट लेकर ऐतिहासिक जीत हासिल की, जबकि NSUI की जोश्लिन नंदिता चौधरी को केवल 12,645 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर NSUI के राहुल झांसला ने 8,792 वोटों से जीत दर्ज की। सचिव पद ABVP के कुणाल चौधरी ने 7,662 वोटों से जीता और संयुक्त सचिव पद पर दीपिका झा ने 4,445 वोटों के अंतर से जीत सुनिश्चित की।
ये भी पढे़ं: DUSU Election: कौन हैं आर्यन मान जो बने दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ अध्यक्ष? शराब कारोबार से जुड़ा है परिवार












Click it and Unblock the Notifications