दिल्ली में ड्राइवर महेंद्र कुमार ने ऑटो पर उगाए पौधे, IAS Supriya Sahu ने शेयर की मिनी गार्डन की तस्वीरें
Mini Garden on Auto Delhi : आजकल हर किसी को पेड़ पौधों से दोस्ती करना पसंद है। कोई अपने घर की बालकनी तो खाली पड़ी जगह को मिनी गार्डन बना लेता है, मगर इस मामले में दिल्ली के एक व्यक्ति ने अपने ऑटो पर पौधे उगा दिए, जिससे ऑटो किसी मिनी गार्डन सरीखा नजर आ रहा है। दिल्ली की सड़कों पर चलते फिरते इस मिनी गार्डन ऑटो की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं।

मिनी गार्डन वाले ऑटो की तस्वीरें वायरल
दिल्ली के मिनी गार्डन वाले ऑटो की तस्वीरें आईएएस अधिकारी सुप्रिया साहू ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की हैं। आईएएस सुप्रिया साहू ने 14 अक्टूबर को किए अपने ट्वीट में लिखा कि 'यह तस्वीर आज एक दोस्त द्वारा इंडिया गेट दिल्ली के पास खींची गई है। ऑटो चालक महेंद्र कुमार ने खुद को और यात्रियों को गर्मी से बचाने के लिए अपने ऑटो की छत पर मिनी गार्डन बनाया है, जिससे ऑटो में एयर कंडीशनर जैसा अनुभव हो रहा है।'

1991 बैच की आईएएस हैं सुप्रिया साहू
वर्ष 1991 बैच की तमिलनाडु कैडर की आईएएस अधिकारी सुप्रिया साहू की इस ऑटो पर मिनी गार्डन वाली तस्वीर को अभी तक एक हजार 374 लोगों ने लाइक किया है। 179 लोग रीट्वीट कर चुके हैं। लोग इस पर कमेंट भी खूब कर रहे हैं। इकबाल हुसैन नाम के यूजर ने हैदराबाद के एक ऑटो की तस्वीरें कमेंट कर बताया कि दिल्ली ही नहीं बल्कि हैदराबाद का ऑटो चालक भी ऐसा कर रहा है। कई लोगों ने कमेंट में ये भी लिखा कि उन्होंने पूर्व में दिल्ली में कई जगहों पर मिनी गार्डन वाले ऑटो चालक को देख चुके हैं।

सुगम त्रिपाठी ने की कार्रवाई की मांग
आईएएस सुप्रिया साहू की पोस्ट पर ऑटो चालक के इस कदम पर लोग तारीफ कर रहे हैं जबकि सुगत त्रिपाठी नाम के एक यूजर ने दिल्ली यातायात पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की है। त्रिपाठी ने लिखा कि दिल्ली पुलिस कृपया मामले को संज्ञान में लेके तुरंत कार्यवाही करें। अगर ये पौधा गिरा या उड़ा तो पीछे से आ रही किसी भी गाड़ी में हादसा हो सकता है, फिर इसका जिम्मेदार कौन होगा?

दिल्ली की गर्मी सहन नहीं होती
मीडिया से बातचीत में महेंद्र कुमार ने बताया कि गर्मियों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच जाता है। ऐसे में सफर करना बहुत मुश्किल हो जाता है। यात्रियों की सुविधा के लिए अपने ऑटो की छत पर पौधों लगाए हैं। ताकि ऑटो के अंदर बैठी सवारी को गर्मी ना लगे। 25 साल से ऑटो चला रहे महेंद्र ने अपने ऑटो की छत पर 25 तरह के पौधे लगाए हैं। सवारियां उनके ऑटो के साथ सेल्फी भी लेना पसंद करती हैं। कई बार तो सवारी इस अनूठे ऑटो में सफर करने पर एक्ट्ररा किराया तक दे देती हैं।












Click it and Unblock the Notifications