Double Decker Bus Delhi: डबल डेकर बस को CM रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी, टिकट,रूट से किराया तक हर जानकारी
Double Decker Bus Delhi: राजधानी के पर्यटन सेक्टर में बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार 27 फरवरी को रफी मार्ग से अत्याधुनिक डबल डेकर इलेक्ट्रिक टूरिस्ट बस सेवा 'देखो मेरी दिल्ली' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल केवल एक बस सेवा नहीं, बल्कि दिल्ली को ग्लोबल टूरिज्म मैप पर मजबूती से स्थापित करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से बस का अनावरण किया और इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल की सफल मिसाल बताया। इसके बाद मुख्यमंत्री, मंत्री, मीडिया प्रतिनिधि और अधिकारी खुद इस डबल डेकर में सवार होकर रफी मार्ग से इंडिया गेट, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग होते हुए प्रधानमंत्री संग्रहालय तक पहुंचे।

विरासत भी, विकास भी का नया मॉडल (Heritage and Development Vision)
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली अब केवल ऐतिहासिक इमारतों का शहर नहीं, बल्कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का भी चेहरा बन चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकास भी, विरासत भी' विजन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार प्रगति और परंपरा को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि यह शून्य उत्सर्जन वाली ई-बस न सिर्फ हरित परिवहन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्वच्छ पर्यटन को भी नई दिशा देगी। 63 सीटों वाली यह बस आधुनिक सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था और पैनोरमिक अपर डेक से लैस है, जहां से पर्यटक खुले आसमान के नीचे दिल्ली की ऐतिहासिक और आधुनिक झलक एक साथ देख सकेंगे।
ट्रांजिट से डेस्टिनेशन सिटी की ओर (Global Tourism Push)
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि पहले दिल्ली को केवल ट्रांजिट सिटी के तौर पर देखा जाता था, लेकिन अब यह डेस्टिनेशन सिटी बन रही है। उनके मुताबिक राजधानी में 1200 से ज्यादा स्मारक हैं, जहां प्राचीन सभ्यता से लेकर ब्रिटिश दौर और आधुनिक भारत की कहानी एक साथ दिखती है। आने वाले समय में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे आयोजनों से टूरिज्म और कॉन्सर्ट इकोनॉमी को भी बढ़ावा मिलेगा।
कहां से शुरू होगा सफर और क्या रहेगा रूट (Tourist Circuit Route)
यह खास पर्यटन सर्किट दिल्ली हाट से रोज सुबह 9 बजे शुरू होगा। तय मार्ग के तहत बस विजय चौक, राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ और साउथ ब्लॉक, नेशनल म्यूजियम, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नेशनल वॉर मेमोरियल और इंडिया गेट से होकर दोबारा दिल्ली हाट आईएनए पर लौटेगी। इससे पर्यटकों को एक सुव्यवस्थित और आरामदायक अनुभव मिलेगा।
टिकट कैसे और कहां मिलेगी (Ticket Booking Details)
इस डबल डेकर बस का किराया 500 रुपये है, जिस पर 5 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त लगेगा। पांच से दस वर्ष के बच्चों के लिए किराया 300 रुपये प्लस जीएसटी तय किया गया है, जबकि पांच वर्ष से कम आयु के बच्चे मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।
ऑनलाइन बुकिंग दिल्ली पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट www.delhitourism.gov.in पर उपलब्ध है। वहीं ऑफलाइन टिकट सेंट्रल रिजर्वेशन ऑफिस, बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित आई-सेंटर, इंदिरा गांधी घरेलू हवाई अड्डा टर्मिनल 1, वेस्ट किदवई नगर ट्रांसपोर्ट ऑफिस और दिल्ली हाट आईएनए सहित कई केंद्रों से खरीदी जा सकती है।
'देखो मेरी दिल्ली' बस सेवा राजधानी की स्वच्छ, हरित और आधुनिक छवि को और मजबूत करेगी। एक ही सफर में दिल्ली की विरासत और भविष्य को देखने का यह मौका पर्यटकों के लिए यादगार साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications