Ghazipur Dumping Yard: कूड़े के पहाड़ में फिर दिखा धुएं का गुबार, पुलिस ने अज्ञात में दर्ज की FIR
Ghazipur Dumping Yard: कूड़े के पहाड़ में फिर दिखा धुएं का गुबार, पुलिस ने अज्ञात में दर्ज की FIR
दिल्ली, 29 मार्च: गाजीपुर स्थित कूड़े के पहाड़ (डंपिंग यार्ड) में सोमवार को अचानक से आग लग गई थी, जिसका धुआं चारो और फैल गया था। हालांकि, आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड (दमकल) की छह गाडियां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया था। लेकिन मंगलवार सुबह एक बार फिर गाजीपुर स्थित डंपिंग यार्ड से धुएं का गुबार उठता हुआ देखा गया है। तो वहीं, पुलिस ने डंपिंग यार्ड में आग लगने के मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
Recommended Video

28 मार्च को लगी थी डंपिंग यार्ड में आग
28 मार्च, दिन सोमवार को गाजीपुर स्थित डंपिंग यार्ड में दोपहर 2:30 बजे आग लग गई थी। आग लगने की जानकारी स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड विभाग को दी थी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की करीब छह गाड़िया घटनास्थल पर पहुंच गई और आग बुझाने के कार्य में जुट गई। इस दौरान नेशनल हाईवे-9 के आसपास से गुजर रहे लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कतों का सामने करना पड़ा। कूड़े के पहाड़ में लगी आग इतनी भीषण है कि इससे निकला धुंआ आनंद विहार से लेकर इंदिरापुरम तक फैल गया।
दिल्ली सरकार ने दिए जांच के आदेश
गाजीपुर डंपिंग यार्ड में लगी आग को लेकर दिल्ली सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। मीडिया से बात करते हुए गोपाल राय ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि बार-बार चेतावनी देने के बाद भी एमसीडी सुधरने को तैयार नहीं है, वहां पहले भी आग लगती रही है। आपदा प्रबंधन की टीम वहां पहुंच चुकी है, आग पर नियंत्रण किया जा रहा है। ये घटनाएं बार-बार न हों इसके लिए डीपीसीसी को जांच के आदेश दिए गए हैं। राय ने आगे कहा कि रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही के लिए जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर हम सख्त कार्रवाई करेंगे।
अज्ञात में दर्ज हुआ केस
गाजीपुर थाना पुलिस ने डंपिंग यार्ड में आग लगने के मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 278, 285 और 336 में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, डंपिंग यार्ड के पास कार मैकेनिक का काम करने वाले एक व्यक्ति ने बताया, "कल हालात बहुत खराब थे, सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था। हालात अब थोड़े ठीक हैं लेकिन घुटन अभी भी है।"
2024 तक है डंपिंग यार्ड के निस्तारण की योजना
गाजीपुर लैंडफिल डंप (कचरा एकत्र करने वाला स्थान) से 50 लाख मीट्रिक टन कचरे के प्रसंस्करण के लिए एक निविदा जारी करने की प्रक्रिया में है। इस कचरे के ढेर 2024 तक निस्तारण करने की योजना है। ईडीएमसी के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।












Click it and Unblock the Notifications