Delhi Weather: प्रदूषण की मार सही रही दिल्ली में अब तेजी से गिरेगा पारा, बढ़ेगी सर्दी
नई दिल्ली, 14 नवंबर। प्रदूषण की मार सह रही दिल्ली में अब सर्दी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को लोगों को स्वेटर और जैकेट के साथ घर से बाहर निकलते देखा गया। सुबह स्मोग की चादर के बीच लोगों को ठंडक का अच्छा-खासा एहसास हुुआ। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों की बर्फबारी का असर अब दिल्ली-एनसीआर में नजर आ रहा है। आज दिल्ली में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 और 10 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।

तेजी से दिल्ली का तापमान गिरेगा
IMD ने कहा है कि आने वाले चार दिनों के अंदर तेजी से दिल्ली का तापमान गिरेगा और सर्दी बढ़ेगी। लोगों को कोहरे से भी दो-चार होना पड़ेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि आनेवाले तीन-चार दिनों के अंदर दिल्ली का न्यूनतम पारा 10 डिग्री के भी नीचे जा सकता है और कल से हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे प्रदूषण तो कम होगा लेकिन सर्दी बढ़ेगी।

अब दिन-रात के तापमान में अंतर होगा
आईएमडी ने कहा कि 14 नवंबर के बाद हवाएं 10 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर चल सकती हैं। दिन-रात के तापमान में अंतर होगा। सुबह-शाम अब बिना स्वेटर के बाहर निकलना सेहत से खिलवाड़ होगा।

‘ला नीना' इफेक्ट
आपको बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही कह रखा है कि इस बार सर्दी ज्यादा पड़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि 'ला नीना' इफेक्ट की वजह से इस बार ज्यादा सर्दी पड़ने वाली है।सर्दी का सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार पर दिख सकता है तो वहीं हर बार की तरह इस बार भी दिल्ली काफी ठंडी ही रहने वाली है।

सर्दी के कारण कोरोना का प्रकोप बढ़ सकता है
तापमान में कमी, प्रदूषण और सर्दी के कारण कोरोना का प्रकोप बढ़ सकता है इसलिए सबको सावधान रहने की जरूरत है और मौसम को लेकर जरा सी भी लापरवाही नहीं बरतनी है क्योंकि जरा सी लापरवाही इंसान के लिए मुसीबत बन सकती है।
कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी
एम्स निदेशन डॉ रणदीप गुलेरिया जी तो पहले ही कह चुके हैं कि सर्दियों के मौसम में हर किसी को सतर्क रहने की आवश्यकता है, हर किसी को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना बहुत जरूरी है क्योंकि सर्दियों में कोरोना का प्रकोप बढ़ने के चांसेज ज्यादा होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications