दिल्ली: ब्लैकमेलर की डिमांड पूरी करने के लिए एटीएम चोरी करने पहुंचे दो नाबालिग, पुलिस ने पकड़ा
हाल ही में दिल्ली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां पुलिस ने दो लड़कों को एटीएम चोरी के मामले में गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि उनको कोई ब्लैकमेल कर रहा था। इसी वजह से उन्होंने ये कदम उठाया।
आरोपियों के मुताबिक पिछले हफ्ते कुछ लोगों ने उनका नग्न वीडियो बना लिया था। साथ ही उसे वायरल करने की धमकी दे रहे थे। उनके ऊपर हमला भी हुआ और लूटपाट की गई। पुलिस ने आरोपों की जांच की, जिसे उन्होंने सच पाया। शनिवार और मंगलवार के बीच चार दिनों में सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मुख्य आरोपी की पहचान राजू के रूप में की गई। उस पर जामिया नगर पुलिस स्टेशन में डकैती, आपराधिक धमकी और (पोक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक बुधवार देर रात उन्होंने दक्षिणी दिल्ली के जामिया नगर में एटीएम तोड़ने की कोशिश कर रहे नाबालिगों को पकड़ लिया। एक की उम्र 14 तो दूसरे की 15 साल थी। वो 5000 रुपये चुराने की कोशिश कर रहे थे। जिसका इंतजाम करने के लिए उन्हें आरोपियों ने कहा था।
बड़े लड़के ने पुलिस को जो बयान दिया, उसके मुताबिक धमकी देने वालों ने छोटे लड़के की गर्दन पर कसाई का चाकू रखा, उसकी बांह पकड़ ली और उन्हें पास की एक सीलबंद इमारत में ले गए। वहां पर उससे 2050 रुपये लूट लिए। इसके बाद उनको नग्न कर वीडियो बनाया। साथ ही अगले दिन 5000 रुपये देने को कहा।
लड़कों को उन लोगों ने मारा भी। हालांकि चिल्लाने पर बगल के लोग आ गए और उन्हें बचाया। इसके बाद दोनों नाबालिगों ने बिना गार्ड वाले एटीएम को निशाना बनाने का प्लान बनाया।
उनको लगा था कि नकदी एटीएम के नीचे होगी, ऐसे में उन्होंने मशीन को जोर-जोर से हिलाना शुरू कर दिया। इससे बैंक वाले सतर्क हो गए और उन्होंने पुलिस को खबर दे दी। कुछ ही पल में पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उनको पकड़ लिया।
शुक्रवार को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेशी के दौरान उन्होंने घटना का खुलासा किया। उनके आरोप की पुष्टि लड़कों को बचाने वाले स्थानीय लोगों ने की। ब्लैकमेलर्स में एक का आपराधिक इतिहास भी है।












Click it and Unblock the Notifications