Delhi Today: दिल्ली में सिंगल यूज प्लास्टिक बैन, अतिक्रमण पर रेखा सरकार का सख्त रुख, जानिए सब अपडेट
Delhi Today: राजधानी दिल्ली में अगले 20 दिनों तक हर स्तर पर व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर सीएम रेखा गुप्ता सरकार ने बड़ा ऐलान कर दिया है। यह पहल राजधानी को गंदगी, प्लास्टिक प्रदूषण और अतिक्रमण से मुक्त करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता को बेहतर सुविधा देने के लिए यह अभियान चलाया गया है। 20 दिन का यह अभियान बेहतर परिवर्तन लेकर आएगा। विकसित दिल्ली का सपना अब हकीकत बनेगा। विकसित दिल्ली की शुरूआत एक साफ-सुथरी राजधानी की शुरूआत है।

आइए मुख्य बिंदु को जानते हैं
- सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध: मुख्यमंत्री ने सभी स्कूलों, धार्मिक स्थलों और बाजारों में सिंगल-यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। यह आदेश पर्यावरण संरक्षण और कचरे को नियंत्रित करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
- दैनिक सफाई व्यवस्था: शुक्रवार से आरंभ हो रहे अभियान के अंतर्गत राजधानी की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की प्रतिदिन दो बार - सुबह 8 बजे और शाम को सफाई की जाएगी। इससे न केवल स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि धूल और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
- कचरा पृथक्करण और निगरानी: अभियान के दौरान कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही हर क्षेत्र में कैमरे लगाए जाएंगे ताकि साफ-सफाई की निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
- अतिक्रमण और मलबा हटाने की सख्ती: मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, मलबा या कचरा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निकायों के अधिकारी अपने क्षेत्रों की जिम्मेदारी लेंगे और प्रतिदिन निरीक्षण रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजेंगे।
- हरियाली को बढ़ावा: धूल प्रभावित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा, जिससे पर्यावरणीय संतुलन कायम रखा जा सके और शहरी हरियाली को बढ़ाया जा सके।
- दीवारों की सुरक्षा और सौंदर्य: पोस्टर, विज्ञापन या भित्तिचित्रों के माध्यम से दीवारों को नुकसान पहुँचाने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जाएगा। इससे शहर की सौंदर्य और गरिमा बनी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि यह ऐतिहासिक पहल "ट्रिपल इंजन सरकार" - केंद्र, राज्य और नगर निगम की समन्वित शक्ति - के सहयोग से संभव हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को धरातल पर लाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
दिल्ली हाट में लगी भीषण आग, 30 से अधिक दुकानें जलकर राख
दिल्ली के आईएनए इलाके में स्थित प्रसिद्ध दिल्ली हाट में बुधवार रात भीषण आग लग गई, जिसमें 30 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं और करोड़ों रुपये का सामान नष्ट हो गया। इस हादसे ने दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान पहुँचाया है।
रात को अचानक लगी इस आग को बुझाने के लिए दमकल विभाग को 13 गाड़ियाँ मौके पर भेजनी पड़ीं। गनीमत यह रही कि घटना में कोई जानमाल की हानि नहीं हुई, लेकिन आग ने विक्रेताओं की मेहनत और वर्षों की कमाई को पल भर में राख कर दिया।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आग लगने के कारणों का पता चल सके। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कई जांच टीमें गठित की गई हैं और दमकल विभाग की प्रतिक्रिया समय की भी समीक्षा की जा रही है।
दुकानदारों का आरोप है कि आग लगने के काफी देर बाद दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया। कुर्ता बेचने वाले एक दुकनदार ने कहा कि वह अपनी बहन की शादी के लिए पैसे जमा कर रहे थे, लेकिन आग ने सब कुछ छीन लिया। एक अन्य दुकानदार ने कहा कि उन्होंने तीन लाख रुपये का सामान खो दिया और जान जोखिम में डालकर दुकानों से जो बचा, वही बचाया।
सरकार का आश्वासन
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने घटना स्थल का दौरा कर प्रभावित विक्रेताओं को मुआवजे और पुनः दुकान आवंटन का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की गहराई से जांच की जाएगी और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने बताया कि दिल्ली हाट को फिलहाल बंद रखा गया है, जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती।












Click it and Unblock the Notifications