DTC बसों को लेकर BJP और AAP के बीच छिड़ा संग्राम, कहां 6 घुसपैठिए ट्रांसजेंडर बन मांग रहे थे भीख? जानिए सब
Delhi Today: राजधानी दिल्ली में डीटीसी बसों को लेकर बीजेपी और आप पार्टी के बीच संग्राम छिड़ा है। सीएम रेखा गुप्ता के आरोप पर आप नेता आतिशी ने क्या कहा है? कहां 6 बांग्लादेशी घुसपैठिए ट्रांसजेंडर बन भीख मांग रहे थे जिसे दिल्ली पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है आइए जानते है सब अपडेट।
सीएम रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को विधानसभा में आप पार्टी पर निशाने साधते हुए कहा जहां एक तरफ दिल्ली को 11,000 बसों की जरूरत थी वहीं पूर्ववर्ती सरकार की लापरवाही के चलते 2015 में दिल्ली में 4554 बसें थी जो 2023 में घटकर 3937 रह गईं। न बसें खरीदी गईं, न जनता को सुविधा मिली। उन्होंने कहा डीटीसी बसों में DIMTS के 50% शेयर में IDFC बैंक की हिस्सेदारी ₹95Cr थी। IDFC ने दिल्ली सरकार को खरीदने का ऑफर दिया, लेकिन फाइल 2 साल दबाकर रखी गई, नतीजा-IDFC ने वही शेयर मात्र ₹10Cr में प्राइवेट कंपनी को बेच दिया। जिसके कारण अब DTC की वैल्यू ₹20Cr तक गिर गई।

इस पर आप नेता आतिशी ने आज बीजेपी पर निशाना साधते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर एक के बाद एक कई पोस्ट किया। उन्होंने लिखा अब भाजपा के झूठ पर हमें जवाब नहीं देना पड़ता। उनके झूठ का पर्दा फ़ाश करने के लिए @grok काफ़ी है!
Grok ने पोस्ट करते हुए लिखा- सिरसा का दावा कि डीटीसी को 10 साल में सिर्फ़ 2 बसें मिलीं, मार्च 2022 तक की सीएजी रिपोर्ट पर आधारित है, जिसमें 2 इलेक्ट्रिक बसें जोड़ी गई हैं। लेकिन AAP के शासनकाल में 2015-2025 तक कम से कम 300 बसें जोड़ी गईं, जिनमें 2022 में 298 बसें शामिल हैं। यह दावा बाद में जोड़ी गई बसों को नज़रअंदाज़ करके गुमराह करता है, जिससे राजनीतिक बहस को बढ़ावा मिलता है।
₹1 लाख करोड़ का ग़लत आंकड़ों पर आधारित बजट हवा-हवाई जुमला है
आतिशी ने अपने दूसरे पोस्ट में लिखा भाजपा पहले अपने वादों पर जुमले करती थी। लेकिन अब इन्होंने बजट में पैसे कहा से आयेंगे इसपर भी जुमलेबाज़ी शुरू कर दी है। 25 मार्च को रेखा गुप्ता जी ने ₹1 लाख करोड़ का बजट पेश किया। और इतिहास में पहली बार हुआ जब बजट के आँकड़े पर झूठ बोला गया, जुमलेबाज़ी की गई। हकीकत ये है कि, ₹1 लाख करोड़ का ग़लत आंकड़ों पर आधारित बजट हवा-हवाई जुमला है। BJP के पास न तो इतनी आय है और न ही हो सकती है।
आतिशी ने कहा मोदी जी ने जनता के साथ जुमलेबाज़ी करते करते दिल्ली की BJP सरकार के साथ भी जुमलेबाज़ी कर दी। दिल्ली के बजट में सड़कों के लिए केंद्र से ₹1,000 करोड़ मिलने का दावा किया गया, जबकि केंद्र के बजट में सभी UTs के लिए इस मद में सिर्फ ₹396 करोड़ ही हैं। तो फिर दिल्ली को ₹1,000 करोड़ मिलना नामुमकिन है। केंद्र से ₹6,000 करोड़ Capital Works के लिए आने की बात, लेकिन केंद्र के बजट में दिल्ली के लिए सिर्फ ₹951 करोड़ आवंटित हैं। यानी यह दावा भी झूठा है। तो हकीकत ये है कि, ₹1 लाख करोड़ के बजट में ₹22,000 करोड़ कहाँ से आयेंगे इसका "विपदा" सरकार को कोई अता-पता ही नहीं है। ख़ुद केंद्र सरकार के बजट ने इनके हवा-हवाई बजट की हवा निकाल दी।
अवैध बांग्लादेशी प्रवासी 'ट्रांसजेंडर' के वेश में लाल बत्ती पर भीख मांग रहे थे
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके से चौंकाने वाली खबर है जहां 6 बांग्लादेशी घुसपैठिए ट्रांसजेंडर बन भीख मांग रहे थे जिसे दिल्ली पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर हुई। पुलिस ने बताया बांग्लादेशी घुसपैठियों ने अपना हुलिया बदलने और स्थानीय 'ट्रांसजेंडर' समुदाय में घुलने-मिलने के लिए 'छोटी-मोटी सर्जरी' और 'हार्मोनल ट्रीटमेंट' भी कराया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया हमें पता चला कि कुछ अवैध बांग्लादेशी प्रवासी 'ट्रांसजेंडर' के वेश में संदेह से बचने के लिए लाल बत्ती पर भीख मांग रहे हैं। उनकी पहचान मोहम्मद राणा उर्फ लोबली (26), मोहम्मद जकारिया मोइना खान (24), मोहम्मद बाओइजेद खान (24), अखी सरकार (22), सुहाना खान (21), और जॉनी हुसैन (20) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 6 मोबाईल फोन बरामद किए गए है। ये लोग एक प्रतिबंधित ऐप का इस्तेमाल करते थे।
बता दे कि दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार(28 मार्च) को बयान देते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में एक भी अवैध घुसपैठिए को रहने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस के सहयोग से बांग्लादेशी घुसपैठियों और उन्हें शरण देने वालों सहित सभी अवैध घुसपैठियों के खिलाफ एक सुनियोजित कार्रवाई की जाएगी। बीजेपी सरकार राजधानी दिल्ली से अवैध घुसपैठियों को हटाने के लिए प्रतिबद्ध है।












Click it and Unblock the Notifications