Delhi Temperature Today: दिल्ली में 46°C के पार पहुंचा तापमान, दुनिया के सबसे गर्म शहरों में भारत टॉप पर
Delhi Temperature Today: देश इस समय भीषण गर्मी की आग में झुलस रहा है। मंगलवार, 19 मई 2026 को जारी ग्लोबल तापमान आंकड़ों ने भारत में पड़ रही खतरनाक गर्मी की तस्वीर साफ कर दी। AQI.in की दोपहर 12:30 बजे की लाइव तापमान रैंकिंग के मुताबिक दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में सभी शहर भारत के रहे।
इस लिस्ट में दिल्ली-NCR समेत उत्तर और मध्य भारत के कई बड़े शहर शामिल हैं, जहां तापमान 41°C से 46°C तक पहुंच गया। नई दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़, नागपुर, आगरा और वाराणसी जैसे देश के सबसे बड़े और प्रमुख महानगरीय क्षेत्र भी टॉप-100 में अपनी जगह बनाए हुए हैं।

Delhi Temperature: 45°C के करीब पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और आसपास के इलाकों में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर बना रह सकता है और लोगों को तेज गर्मी तथा लू का सामना करना पड़ सकता है। IMD के मुताबिक आने वाले दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी।
खासतौर पर दोपहर के समय लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में शुष्क और गर्म हवाओं का असर बना हुआ है, जिसकी वजह से दिल्ली-NCR में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। रात के तापमान में भी ज्यादा गिरावट नहीं हो रही, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही।
दिल्ली-NCR में बढ़ रहा हीटवेव का असर
राजधानी दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद जैसे NCR शहरों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। दोपहर के समय सड़कें लगभग खाली नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली में अर्बन हीट आइलैंड प्रभाव गर्मी को और खतरनाक बना रहा है। कंक्रीट की इमारतें, ट्रैफिक और एसी से निकलने वाली गर्म हवा शहर के तापमान को और बढ़ा रही हैं।
यूपी के शहर बने दुनिया के सबसे गर्म इलाके
AQI.in की रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के औरैया, बांदा और इटावा दुनिया के सबसे गर्म शहर रहे, जहां तापमान 46°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अलीगढ़, मैनपुरी, कुरुक्षेत्र, पानीपत और करनाल जैसे शहरों में 45°C तक तापमान पहुंच गया। वहीं प्रयागराज, हिसार, जालंधर, बठिंडा, सतना और बलांगीर जैसे शहरों में 44°C तापमान दर्ज किया गया। आगरा, ग्वालियर, चंडीगढ़, जम्मू, पठानकोट और वाराणसी समेत कई शहर 43°C की श्रेणी में रहे।
उत्तर भारत बना 'हीट जोन'
रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश के शहर सबसे ज्यादा गर्म रहे। यह दिखाता है कि हीटवेव सिर्फ एक-दो राज्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से आने वाली शुष्क और गर्म हवाएं तापमान को तेजी से बढ़ा रही हैं। इसके साथ ही क्लाइमेट चेंज और एल नीनो का असर भी गर्मी को और खतरनाक बना रहा है।
IMD ने जारी किया गंभीर हीटवेव अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले कई दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार-राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश विदर्भ के कई हिस्सों में इस सप्ताह भीषण लू चलने की संभावना है। IMD ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 24 मई तक गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 20 मई तक भीषण गर्मी बनी रह सकती है।














Click it and Unblock the Notifications