Delhi Temperature: सितंबर में जून वाली तपन, दिल्ली में सोमवार रहा 32 साल में सबसे गर्म दिन
Delhi weather updates in Hindi: देश की राजधानी दिल्ली में मौसम का उलटफेर जारी है, कभी गर्मी और कभी बरसात ने लोगों का जीना मुहाल किया हुआ है। सितंबर के महीने में लोगों को यहां जून वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को यहां का पारा चालीस डिग्री पहुंच गया,यहां कल सफदरजंग में पारा 40.01 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो कि 32 साल पहले सितंबर में हुआ था।

आपको बता दें कि 14 जून के बाद 4 सितंबर को ऐसा हुआ, जब दिल्ली का पारा इतना हाई पहुंच गया। दिल्ली के मौसम को देखकर जहां आम आदमी परेशान है वहीं वैज्ञानिक हैरान हैं। फिलहाल दिल्ली के तपने का कारण उन्होंने पाकिस्तान से आने वाली शुष्क हवाओं को बताया है।
1991 सितंबर में इतनी गर्मी दिल्ली में देखी गई थी
मालूम हो की साल 1991 सितंबर में इतनी गर्मी दिल्ली में देखी गई थी। दिल्ली वाले केवल गर्मी से ही तंग नहीं हैं बल्कि उन्हें उमस भी परेशान किए हुए हैं। फिलहाल मौसम विभाग ने आज यहां पर हल्की बारिश का अंदेशा व्यक्त किया है और कहा है कि शाम तक यहां पर हल्की बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को फौरी तौर पर राहत मिलेगी।
अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहेगा
आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं तो वहीं इसके आस-पास के इलाकों का भी यही हाल रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में बारिश अब ज्यादा नहीं होंगी लेकिन रूक-रूक कर होती रहेगी।
एमपी-छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश होने के आसार है
जहां दिल्ली का ये हाल है वहीं दूसरी ओर पंजाब-हरियाणा, यूपी-बिहार-झारखंड, एमपी-छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश होने के आसार है, जबकि दक्षिण भारत के राज्यों में येलो अलर्ट जारी है। पूर्वौत्तर के राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था तो वहीं केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी भारी बारिश हो सकती है इसलिए अलर्ट जारी किया गया है, जबकि आज पहाड़ों पर भी बारिश हो सकती है, हालांकि उत्तराखंड-हिमाचल में हल्की बारिश होने का ही अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications