दिल्ली में लगातार दूसरे दिन कोरोना के नए मरीजों की संख्या 50 के पार, 20 दिन बाद हुई किसी मरीज की मौत
नई दिल्ली, 12 नवंबर। फेस्टिव सीजन बीत जाने के बाद राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले एकबार फिर से बढ़ने लगे हैं। गुरुवार के बाद शुक्रवार को फिर से दिल्ली में कोरोना के नए मामले 50 से उपर ही सामने आए। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राजधानी में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 62 नए मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा हैरानी वाली बात ये है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना से 2 मरीजों की मौत भी हो गई है।

दिल्ली में 20 दिन के बाद हुई किसी मरीज की मौत
आपको बता दें कि दिल्ली में करीब 20 दिन के बाद कोरोना से किसी मरीज की मौत हुई है। इससे पहले दिल्ली में 22 अक्टूबर को एक मरीज की मौत हुई थी। दिल्ली में अब कोरोना से होने वाली मौतों का कुल आंकड़ा 25,093 तक पहंच गया है।
एक्टिव केस की संख्या 371
इसके अलावा कोरोना संक्रमण दर की बात करें तो इसमें भी इजाफा देखने को मिल रहा है। अभी दिल्ली में संक्रमण दर 0.12 फीसदी है। वहीं एक्टिव केस की संख्या 371 है, इसमें से होम आइसोलेशन में 156 मरीज है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर 56 मरीज ठीक भी हुए हैं। दिल्ली में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 14,40,332 हो गई है।
देश में कोरोना की स्थिति
वहीं कोरोना के मामले अब देश में भी तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 12,516 नए केस सामने आए और 501 लोगों की मौत हो गई है। भारत में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या अब 414,186 हो गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना से 13,155 लोग ठीक हुए, जबकि अभी तक कोरोना से 462,690 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में एक्टिव केस की संख्या 1,37,416 है।












Click it and Unblock the Notifications