दिल्ली में कोरोना विस्फोट, नवंबर के बाद पहली बार 24 घंटे में 5000 से अधिक कोरोना केस
नई दिल्ली। राजधानी में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। दिल्ली में मंगलवार को कोरोना मामलों में बड़ी तेजी देखने को मिली। 24 घंटे में कोरोना के 5000 से अधिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। 27 नवंबर के बाद ये पहला मौका है, जब 24 घंट के भीतर कोरोना के नए संक्रमित मरीजों की संख्या 5000 के आंकड़े को पार कर गई है। इससे पहले, 27 नवंबर 2020 को दिल्ली में एक दिन में 5482 मामले दर्ज हुए थे।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक 6 अप्रैल को राजधानी दिल्ली में कोरोना के 5100 नए मामले दर्ज किए गए, जबकि 17 लोगों की मौत हो गई। इन नए मामलों के साथ ही दिल्ली में कोरोना संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 685062 हो गए हैं। वहीं 11113 लोग इस महामारी के कारण अपनी जान गंवा बैठे हैं। दिल्ली सरकर की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक एक्टिव केस 17332 पर पहुंच गए हैं।
जहां मामले बढ़ रहे हैं, वहीं सरकार कोरोना वैक्सीनेशन में भी तेजी ला रही है। दिल्ली सरकार ने 24 घंटे वैक्सीनेशन की तैयारी की है। वहीं आज से राजधानी में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है। रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक जरूरी सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी पर पाबंदी रहेगी। दिल्ली मेट्रो ने भी ट्विट कर कहा है कि सरकार द्वारा लगाए गए नाइट कर्फ्यू को देखते हुए रात 10 बजे के बाद से केवल उन्हीं लोगों को दिल्ली मेट्रो में सफर की इजाजत मिलेगी, जो जरूरी सेवाओं में तैनात है। सरकार द्वारा जारी आईडी कार्ड को देखने के बाद ही उन्हें मेट्रो में सफर की अनुमति मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications