स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली के लाल किले के पास धमाके पर बड़ा खुलासा, अल-कायदा ने कराया था आतंकी हमला
Delhi Red Fort Blast: 15 अगस्त 2026 को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। हर साल की तरह इस बार भी स्वतंत्रता दिवस नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया (झंडारोहण) जाएगा। लेकिन, इससे पहले ही एक बड़ा खुलासा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की रिपोर्ट में हुआ है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के नजदीक मेट्रो स्टेशन (गेट नंबर-1) के पास कार में हुआ बम विस्फोट अल-कायदा ने कराया था। इस आतंकी हमले में करीब 11 लोगों की जान गई थी।आइए जानते हैं विस्तार से UN रिपोर्ट में क्या-क्या बताया गया...

10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास क्या हुआ था?
10 नवंबर 2025 की शाम दिल्ली के लाल किला इलाके में एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ था। धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने बाद में अपनी जांच में इसे एक हाई-इंटेंसिटी VBIED (Vehicle-Borne Improvised Explosive Device) विस्फोट बताया। NIA के मुताबिक, इस हमले में 11 लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
UN रिपोर्ट में AQIS का क्या कनेक्शन सामने आया?
अब संयुक्त राष्ट्र की ताजा रिपोर्ट में इस हमले को अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS से जोड़ा गया है। AQIS अल-कायदा का दक्षिण एशियाई सहयोगी संगठन है। UNSC की मॉनिटरिंग टीम के मुताबिक, AQIS पिछले कुछ समय में अपने पारंपरिक बड़े संगठनात्मक ढांचे के बजाय छोटे और अलग-अलग सेल के जरिए अपनी गतिविधियों को बढ़ाने की रणनीति पर आगे बढ़ता दिखाई दिया है। रिपोर्ट में संगठन के लॉजिस्टिक और वित्तीय नेटवर्क को लेकर भी चिंता जताई गई है।
यह खुलासा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय जांच एजेंसी NIA पहले ही लाल किला के पास ब्लास्ट मामले में आरोपियों को Ansar Ghazwat-ul-Hind (AGuH) से जोड़ चुकी है। NIA के अनुसार AGuH, AQIS का एक ऑफशूट है। यानी संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में सामने आया AQIS लिंक भारतीय जांच के उस पहलू से मेल खाता है, जिसमें हमले से जुड़े मॉड्यूल को अल-कायदा के भारतीय उपमहाद्वीप वाले नेटवर्क से जोड़ा गया था।
NIA की 7,500 पेज की चार्जशीट में क्या मिला?
NIA ने मई 2026 में इस मामले में 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें 10 आरोपियों को नामजद किया गया था। एजेंसी के मुताबिक, इनमें मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी भी शामिल था, जिसकी धमाके में मौत हो गई थी। NIA ने कहा था कि चार्जशीट में नामित सभी 10 आरोपी Ansar Ghazwat-ul-Hind से जुड़े थे। एजेंसी ने AGuH को AQIS का ऑफशूट बताया है। भारत सरकार ने AQIS और उसके सभी स्वरूपों को जून 2018 में आतंकवादी संगठन घोषित किया था।
जांच एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में रेडिकलाइजेशन, संगठन के नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने और हमले की साजिश से जुड़े सबूत मिले। चार्जशीट में 588 गवाहों के बयान, 395 से अधिक दस्तावेज और 200 से ज्यादा जब्त सामग्री को आधार बनाया गया था।
कौन था मुख्य आरोपी?
NIA के मुताबिक, डॉ. उमर उन नबी इस मामले का मुख्य आरोपी था। वह पुलवामा का रहने वाला था और फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर रह चुका था। धमाके में उसकी मौत हो गई थी और जांच एजेंसी ने DNA फिंगरप्रिंटिंग के जरिए उसकी पहचान की थी। चार्जशीट में उसके अलावा आमिर राशिद मीर, जसिर बिलाल वानी, डॉ. मुजम्मिल शकील, डॉ. आदिल अहमद राथर, डॉ. शाहीन सईद, मुफ्ती इरफान अहमद वागे, सोयब, डॉ. बिलाल नसीर मल्ला और यासिर अहमद डार के नाम शामिल किए गए थे।
फरीदाबाद में मिला था भारी मात्रा में विस्फोटक
लाल किला धमाके की जांच के दौरान फरीदाबाद में भी भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने का मामला सामने आया था। इसी जांच कड़ी ने कथित 'व्हाइट कॉलर' टेरर मॉड्यूल की ओर एजेंसियों का ध्यान खींचा। NIA की बाद की जांच में सामने आया कि लाल किला धमाके के आरोपियों का नेटवर्क दिल्ली से बाहर भी फैला हुआ था। एजेंसी ने जून 2026 में इस मामले में तीन और आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
बांग्लादेश को लेकर UN ने जताई चिंता
UN की रिपोर्ट में केवल भारत में AQIS की गतिविधियों का जिक्र नहीं है। रिपोर्ट में बांग्लादेश को लेकर भी चिंता जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, AQIS वहां नए आतंकी सेल स्थापित करने की कोशिश कर सकता है। दक्षिण एशिया में आतंकवादी संगठनों के नेटवर्क और उनके सीमा पार विस्तार को देखते हुए यह आकलन भारत के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
80वां स्वतंत्रता दिवस क्यों?
भारत ने 15 अगस्त 1947 को आजादी हासिल की थी और उसी साल पहला स्वतंत्रता दिवस मनाया गया था। इसलिए 15 अगस्त 2026 को भारत 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस बार भी लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
