मूसलाधार बारिश ने रोकी दिल्ली की रफ्तार: 134 फ्लाइट्स लेट, ट्रैफिक से लोग परेशान, रेड अलर्ट जारी
Delhi Rain: दिल्ली और आसपास के इलाकों में रात से आज सुबह तक लगातार हो रही बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। कई इलाकों में पानी भर गया, सड़कें जाम हो गईं और आसमान से लेकर जमीनी सफर तक में देरी का सिलसिला जारी रहा। आईएमडी ने हालात को देखते हुए राजधानी के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। भारी बारिश के कारण 134 से ज्यादा फ्लाइट अपने निर्धारित समय से लेट हैं।
रात से रुक-रुककर हो रही बारिश ने राजधानी में यातायात और उड़ान संचालन को बाधित कर दिया। पंचकुइयां मार्ग, मथुरा रोड और कनॉट प्लेस सहित राजधानी के कई इलाकों में जलभराव की जानकारी मिली है।

दिल्ली हवाई अड्डे का अपडेट
दिल्ली हवाई अड्डे की ओर से जारी बयान में कहा गया कि, भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में खराब मौसम की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ान संचालन फिलहाल सामान्य हैं। हवाई अड्डे की ऑन-ग्राउंड टीमें सभी स्टेकहोल्डर के साथ मिलकर यात्रियों की यात्रा को परेशानी मुक्त बनाने के लिए काम कर रही हैं। ताजा फ्लाइट जानकारी के लिए यात्रियों को अपनी-अपनी एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
खराब मौसम के कारण 134 उड़ानें देरी से चलीं
दिल्ली एयरपोर्ट पर घना कोहरा छाया हुआ है, जिसकी वजह से उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है। फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (FIDS) के अनुसार, करीब 134 उड़ानें-जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों तरह की आने और जाने वाली फ्लाइटें शामिल हैं- जोकि देरी से चल रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइंस से उड़ान की ताज़ा स्थिति जरूर जांच लें, क्योंकि परिचालन प्रभावित है और आगे भी देरी की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल?
दिल्ली में रात से ही बारिश लगातार जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार रात आसमान बादलों से घिरा रहा और बारिश का दौर जारी रहा, जोकि शनिवार सुबह तक भी जारी है। दिल्ली-एनसीआर से प्राप्त तस्वीरों में भारी बारिश दिखाई दे रही है। मूसलाधार बारिश के कारण यातायात बाधित हुआ और दिल्ली तथा नोएडा के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा में देरी के लिए तैयार रहें, खासकर रक्षाबंधन के त्योहार के मद्देनजर।
13 और 14 अगस्त को फिर से होगी बारिश
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 13 और 14 अगस्त को फिर से बारिश होने की उम्मीद है। इस बारिश से तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आएगी।
नोएडा के मौसम का पूर्वानुमान
एनसीआर के नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे ज़िलों में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है क्योंकि मौसम विभाग को इन चारों शहरों में शाम तक बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications