Delhi Crime: प्रीत विहार में पार्किंग के चक्कर में खूनी खेल, नोएडा से आए शख्स की सीने में दागी गोली
Delhi Preet Vihar Parking Murder: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मामूली पार्किंग विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। दिल्ली के पॉश इलाके प्रीत विहार में रविवार और सोमवार (19-20 अप्रैल) की दरम्यानी रात जो हुआ, उसने कानून-व्यवस्था और लोगों के बढ़ते गुस्से पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए झगड़े में एक 34 साल के युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी।

क्या है पूरा मामला? पार्किंग बनी मौत की वजह
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात प्रीत विहार के A-144 ब्लॉक में हुई। यहाँ रहने वाले 43 वर्षीय पारस और उनके पड़ोसी गौरव शर्मा के बीच पिछले कुछ दिनों से पार्किंग को लेकर तनातनी चल रही थी। रविवार रात यह बहस इतनी बढ़ गई कि हाथापाई की नौबत आ गई। अपने बचाव और मदद के लिए पारस ने नोएडा में रहने वाले अपने भाई पंकज नय्यर को फोन करके मौके पर बुला लिया।
मृतक के चाचा मोहन ने कहा,
"रात 3:30 बजे हमें एक फोन आया कि पंकज को गोली मार दी गई है। यह सब पार्किंग को लेकर हुए विवाद की वजह से हुआ। सबसे पहले उसके बड़े भाई को गोली लगी, और उसे अस्पताल ले जाया गया है। लोग कह रहे हैं कि तीन गोलियां चलाई गई थीं।''
भाई को बचाने आया था पंकज, मिली मौत की सजा
पंकज नय्यर अपने भाई पारस की मदद करने के लिए नोएडा से प्रीत विहार पहुंचे थे। जब तीनों (पारस, पंकज और गौरव) के बीच बहस चल रही थी, तभी आरोपी गौरव शर्मा ने अचानक अपना आपा खो दिया। आरोप है कि गौरव ने पिस्तौल निकाली और सीधे पंकज के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही पंकज खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े।
पुलिस के मुताबिक कंट्रोल रूम (PCR) को पहली कॉल रात 2:22 बजे मिली और दूसरी कॉल 2:26 बजे आई। घायल पंकज को तुरंत नजदीकी मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत) घोषित कर दिया।
हथियार को लेकर गहराया सस्पेंस
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ आरोपी गौरव की पत्नी का बयान है। पत्नी का कहना है कि गौरव के पास कोई लाइसेंसी हथियार नहीं है। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या गौरव ने पहले से ही हत्या की योजना बनाई थी और वह हथियार कहीं से मांगकर या अवैध तरीके से लेकर आया था। वारदात को अंजाम देने के बाद गौरव और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और कानूनी धाराएं
दिल्ली पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। प्रीत विहार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है:
- धारा 103(1): हत्या के लिए।
- धारा 115(2): स्वेच्छा से चोट पहुँचाने के लिए।
- धारा 3(5): सामान्य इरादे (Common Intention) के लिए।
- आर्म्स एक्ट की धारा 25/27: अवैध हथियार के इस्तेमाल के लिए।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल प्रीत विहार और आसपास के इलाकों में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गौरव के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिल्ली में पार्किंग विवाद में हत्या का यह कोई पहला मामला नहीं है। पहले भी कई घटनाएं ऐसी देखी गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications