'आज की रात मायने रखती है', प्रदूषण की चिंताओं के बीच गोपाल राय बोले-दिवाली पर पटाखे ना फोड़े
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिवाली के दिन दिल्लीवासियों से जिम्मेदारी से त्योहार मनाने की अपील की है। गोपाल राय ने कहा, 'आज की रात बहुत मायने रखती है। आप सभी जिम्मेदारी के साछ दिवाली मनाए।'
गोपाल राय ने बढ़ते प्रदूषण की चिंताओं के बीच सभी से पटाखे फोड़ने से बचने का आग्रह किया है। गोपाल राय ने चेतावनी दी है कि दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बढ़ गया है और इस बात पर जोर दिया कि रात में पटाखे जलाने की घटनाओं पर ध्यान दिया जाएगा। दिल्ली सरकार ने पहले ही पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर व्यापक प्रतिबंध लगा दिया था।

ये भी पढ़ें- दिल्ली में 24 घंटे खुलेंगी दुकानें, 111 दुकानों को मिली इजाजत, महिलाओं के लिए अलग होंगे नियम
गोपाल राय बोले- 'हम दिल्ली को हर साल दिवाली के बाद होने वाले धुएं से बचा सकते हैं'
गोपाल राय ने गुरुवार (31 अक्टूबर) को एएनआई से कहा, "कुछ जगहों पर AQI बढ़ा है, लेकिन आज की रात बहुत अहम है। अगर हम सब एक साथ मिलकर एक बात का ध्यान रखें कि हमें दिवाली दीयों के साथ मनानी है और मिठाइयां बांटनी हैं, न कि पटाखे जलाकर अपने घरों में बच्चों और बड़ों के लिए समस्याएं पैदा करनी हैं। अगर पूरी दिल्ली अपने बच्चों और बड़ों की जिंदगी का ख्याल रखे, तो मुझे लगता है कि हम दिल्ली को हर साल दिवाली के बाद होने वाले धुएं से बचा सकते हैं... ऐसी घटनाएं (पटाखे फोड़ने की) सामने आ रही हैं और पुलिस जमीन पर उन पर काम कर रही है। रात में होने वाली ऐसी घटनाओं को भी रोका जाएगा...मेरा मानना है कि पुलिस के अमल से ज्यादा जरूरी है कि हम सब मानवता के प्रति अपना कर्तव्य निभाएं।"
ये भी पढ़ें- Delhi Pollution 2024: दिल्ली की जहरीली होती हवा पर सख्त कार्रवाई! लगा 47 करोड़ रुपये का जुर्माना
पटाखा जलाने वालों पर की जाएगी कानूनी कार्रवाई
बुधवार को गोपाल राय ने दिल्ली में पटाखों पर प्रतिबंध लागू करने के लिए 377 टीमों के गठन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी जागरूकता बढ़ाने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, मार्केट एसोसिएशन और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। पटाखों पर प्रतिबंध का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की टीमें भी तैनात की गई हैं।
पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया, "पटाखे फोड़ते पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने के लिए उन पर बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया जा सकता है।"
बुधवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी निवासियों से दिवाली के दौरान पटाखे फोड़ने से परहेज करने और इसके बजाय दीये जलाने का आग्रह किया और कहा कि यह त्योहार रोशनी का प्रतीक है, पटाखों का नहीं।












Click it and Unblock the Notifications