Delhi AQI Alert: वायु प्रदूषण पर अलर्ट! राजधानी में वाहनों पर नए प्रतिबंध, जानें क्या चलेगा और क्या बंद रहेगा
Delhi Pollution: दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। राजधानी की हवा पिछले एक हफ्ते से 'बहुत खराब' (Very Poor) श्रेणी में बनी हुई है। शनिवार, 8 नवंबर को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 355 दर्ज किया गया, जो कि "बहुत खराब" श्रेणी में आता है।
दोपहर 3 बजे बावाना में सबसे ज्यादा AQI 410 रिकॉर्ड हुआ, जबकि द्वारका में यह सबसे कम 201 दर्ज किया गया। दिल्ली सरकार इस खतरनाक स्थिति से निपटने के लिए कई एहतियाती कदम उठाए हैं। जिनमें पुराने वाहनों पर प्रतिबंध, सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव, पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी और लोगों से कारपूलिंग की अपील शामिल है।

पुराने वाहनों पर सख्त रोक
कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने आदेश जारी करते हुए 1 नवंबर से दिल्ली में सभी गैर-दिल्ली पंजीकृत BS-III और उससे नीचे के कमर्शियल गुड्स वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। BS (Bharat Stage) मानक वाहनों के उत्सर्जन (emission) स्तर को नियंत्रित करने के लिए बनाए गए हैं। वर्तमान में देश में BS-VI मानक लागू हैं।
CAQM ने कहा कि यह कदम वाहन उत्सर्जन से हो रहे प्रदूषण को घटाने और दिल्ली-NCR की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए उठाया गया है। इस आदेश के तहत गैर-दिल्ली पंजीकृत लाइट गुड्स व्हीकल (LGV), मीडियम गुड्स व्हीकल (MGV) और हेवी गुड्स व्हीकल (HGV) जो BS-IV मानक पूरे नहीं करते, उन्हें दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार और नगर निगम के दफ्तरों के समय में बदलाव किया जाएगा ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव एक साथ न बढ़े। अब तक दिल्ली सरकार के दफ्तरों का समय 9:30 बजे से 6:00 बजे तक और नगर निगम का समय 9:00 बजे से 5:30 बजे तक था।
यह आधे घंटे का अंतर ट्रैफिक जाम का बड़ा कारण बन रहा था। नई व्यवस्था के तहत, अलग-अलग विभागों के लिए समयांतराल बढ़ाया जाएगा ताकि सड़कों पर वाहनों की संख्या एक साथ न बढ़े और प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके।
कारपूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे निजी वाहन की बजाय कारपूलिंग या सार्वजनिक परिवहन जैसे मेट्रो और बसों का उपयोग करें। उन्होंने निजी कंपनियों से भी आग्रह किया कि वे अपने कर्मचारियों को वर्क-फ्रॉम-होम की सुविधा दें ताकि सड़कों पर वाहनों की संख्या कम हो सके।
पार्किंग चार्ज दोगुना किया गया
नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए नई दिल्ली क्षेत्र में पार्किंग शुल्क दोगुना कर दिया है। ब चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क ₹40 प्रति घंटा और दोपहिया वाहनों के लिए ₹20 प्रति घंटा हो गया है, जबकि बसों के लिए ₹300 प्रति घंटा निर्धारित किया गया है। यह बढ़ोतरी तब तक लागू रहेगी जब तक ग्रैप (GRAP) का दूसरा चरण रद्द नहीं किया जाता। हालांकि, यह नियम ऑन-स्ट्रीट पार्किंग और मासिक पास धारकों पर लागू नहीं होगा।
हवा में जहर, सख्त कदम जारी
राजधानी में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही हवा में जहरीले कणों की मात्रा लगातार बढ़ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक स्थिति में खास सुधार की संभावना नहीं है। सरकार ने निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि दिल्ली की हवा को सांस लेने लायक बनाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications