Delhi News: सीलमपुर में नाबालिग लड़के की चाकू घोंपकर हत्या, हिंदू पलायन के लगे पोस्टर, जानिए क्या है मामला
Delhi News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक नाबालिग लड़के की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। हालात को संभालने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल और सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
घटना के बाद से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। देर रात से ही लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की सज़ा दी जाए। लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों को सज़ा नहीं मिलती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

सीलमपुर में नाबालिग लड़के की चाकू घोंपकर हत्या
सीलमपुर में नाबालिग की हत्या को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच अब माहौल और अधिक गंभीर होता जा रहा है। इलाके में हिंदू समुदाय के लोगों द्वारा पलायन के संकेत मिल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने अपने घरों के बाहर हाथ से लिखे पोस्टर और पर्चे चिपकाए हैं, जिनमें यह दावा किया गया है कि वे डर और असुरक्षा के माहौल के चलते इलाके को छोड़ने को मजबूर हैं। इन पर्चों में साफ तौर पर लिखा गया है कि "इलाके से हिंदू पलायन कर रहे हैं", जो चिंता का विषय बन गया है। प्रदर्शन में शामिल लोग लगातार आरोपियों की फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं और न्याय के लिए सरकार से गुहार लगा रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर के जे-ब्लॉक में गुरुवार देर शाम एक 17 वर्षीय किशोर की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार को अधिकारियों ने जानकारी दी कि मृतक की पहचान राजवीर के बेटे कुणाल के रूप में हुई है, जो उसी इलाके का रहने वाला था। यह दुखद घटना शाम करीब 7:38 बजे हुई। पुलिस ने बताया उन्हें जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वह तुरंत मौके पर पहुंची और घायल कुणाल को फौरन जेपीसी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मौके पर क्राइम टीम को भेजकर जांच शुरू कर दी है। सीलमपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द से जल्द हमलावरों को पकड़ने की कोशिश में जुटी है। इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और गवाहों से पूछताछ जारी है।












Click it and Unblock the Notifications