Weather Updates: दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम? UK समेत कहां-कहां बारिश के आसार? यहां जानें IMD अलर्ट
Weather News Update: देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हिमाचल प्रदेश से लेकर पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों तक, लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कई राज्यों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, और भूस्खलन के कारण सड़कों पर यातायात भी ठप हो गया है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की संभावना है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और घर से बाहर निकलने से बचने की अपील की है। आइए जानते हैं दिल्ली समेत अन्य राज्यों का हाल?

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का असर (Himachal Pradesh and Uttarakhand Weather Update)
हिमाचल प्रदेश के छह जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 16 सितंबर को, राज्य में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भूस्खलन के कारण कई सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर सोलन जिले में कुमारहट्टी के पास भारी भूस्खलन के कारण यातायात रुक गया। इसी तरह, राज्य की 74 सड़कों पर भूस्खलन और बारिश के कारण आवाजाही बंद है।
उत्तराखंड में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन के कारण 400 से अधिक वाहन फंसे हुए हैं। खासकर सेना के वाहन और हेमकुंड साहिब जा रहे श्रद्धालु इस समस्या से जूझ रहे हैं। कमेड़ा, पर्थाडीप और चटवापीपल सहित कई जगहों पर मलबा गिरने के कारण यातायात बार-बार बाधित हो रहा है।
पश्चिम बंगाल और झारखंड में बाढ़ की स्थिति (West Bengal Flood Alert)
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि झारखंड से बिना सूचना के बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद राज्य के सात जिलों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है। बीरभूम, बांकुरा, हावड़ा, हुगली, पूर्व बर्धमान, और उत्तर व दक्षिण 24 परगना जिलों के निचले इलाकों में पानी भर चुका है।
झारखंड में भी रेड अलर्ट के बीच भारी बारिश हुई। राज्य के कई जिलों में मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है।
इन राज्यों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट (Heavy Rain Alert)
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अगले दो दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में लोगों को घर से बाहर निकलने में अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
राजधानी दिल्ली में गर्मी के बीच बारिश का अनुमान (Delhi Weather Forecast)
दिल्ली में सोमवार (16 सितंबर) को धूप खिलने के कारण दिनभर गर्मी का एहसास हुआ, लेकिन मौसम विभाग ने मंगलवार (17 सितंबर) को हल्की बारिश का अनुमान जताया है। बुधवार तक के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे मौसम में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications