दिल्ली-NCR में पटाखों पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला! कब से कब तक मिली आतिशबाजी की छूट?
Supreme Court Green Crackers Order: दिवाली पर दिल्ली-NCR में पटाखे जलाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कुछ दिनों के लिए केवल मंजूरी वाले ग्रीन पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल की अनुमति दी है। इसके तहत 7 और 8 नवंबर को तय समय के दौरान ही पटाखे जलाए जा सकेंगे, जबकि दुकानदार 4 से 6 नवंबर तक इनकी बिक्री कर पाएंगे।
यह राहत सीमित समय के लिए है और 9 नवंबर 2026 से पटाखों पर फिर पूरी तरह प्रतिबंध लागू हो जाएगा। कोर्ट ने साफ किया है कि सामान्य पटाखों को ग्रीन पटाखों के नाम पर बेचने की अनुमति नहीं होगी। नियम तोड़ने वाले निर्माताओं और दुकानदारों के लाइसेंस रद्द करने के साथ उन पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

कब बेच और जला सकेंगे पटाखे?
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने 7 नवंबर को सुबह 6 से रात 8 बजे और 8 नवंबर को सुबह 7 से रात 10 बजे तक ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी है। जिन कारोबारियों के लाइसेंस रद्द किए गए थे, उन्हें भी 4 से 6 नवंबर तक अस्थायी रूप से बहाल किया गया है। वे केवल मंजूर ग्रीन पटाखे बेच सकेंगे।
QR कोड के बिना नहीं बिकेंगे पटाखे
पटाखे बनाने वाली कंपनियों के पास CSIR-NEERI का वैध ग्रीन क्रैकर प्रमाणपत्र और पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO) का लाइसेंस होना जरूरी है। हर डिब्बे पर अलग QR कोड और सील होनी चाहिए। QR कोड स्कैन करने पर निर्माता, रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस, पटाखे की बनावट और जांच प्रमाणपत्र की जानकारी मिलेगी। लड़ियां, पटाखों की माला, बेरियम वाले और बिना मंजूरी के पटाखे प्रतिबंधित रहेंगे। QR कोड का दोबारा इस्तेमाल करने पर लाइसेंस रद्द हो सकता है।
अस्पताल और स्कूलों के पास नहीं जला सकेंगे पटाखे
अस्पताल, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्र, वृद्धाश्रम, स्कूल और घोषित शांत क्षेत्रों के 300 मीटर के दायरे को नो-क्रैकर जोन बनाया जाएगा। इन जगहों पर पटाखे जलाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन को इन क्षेत्रों की पहचान कर निशान लगाने और लोगों को जानकारी देने का निर्देश दिया गया है।
ऑनलाइन बिक्री पर भी रोक
जिला प्रशासन और पुलिस पटाखों की बिक्री के लिए तय जगहें निर्धारित करेंगे। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और अन्य अनधिकृत स्थानों पर बिक्री नहीं होगी। पुलिस की टीमें दुकानों पर जांच करेंगी, QR कोड की पुष्टि करेंगी और अवैध पटाखे जब्त करेंगी। दिल्ली-NCR में आने वाले वाहनों की भी जांच होगी। दुकानदारों को अपनी दुकानों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश और जरूरी नियमों की जानकारी लगानी होगी। निर्माताओं और कारोबारियों को अधिकारियों द्वारा तय सिक्योरिटी राशि भी जमा करनी होगी, नियम तोड़ने पर यह जब्त हो जाएगी।
30 नवंबर तक रोजाना जांची जाएगी हवा
CPCB और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड 2 से 30 नवंबर तक AQI की निगरानी करेंगे। 2-6 नवंबर, 7-8 नवंबर और 9-30 नवंबर की अलग-अलग रिपोर्ट तैयार होगी। रेत और पानी के नमूने भी लिए जाएंगे। खराब मॉनिटरिंग स्टेशन ठीक करने, त्योहार के बाद सफाई और प्रदूषित इलाकों में पानी का छिड़काव करने के निर्देश हैं।
स्कूलों में बच्चों को प्रदूषण के नुकसान बताए जाएंगे और दिल्ली मेट्रो में जागरूकता संदेश चलेंगे। सरकार को विंटर एक्शन प्लान 2026 और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी योजनाएं प्रकाशित करनी होंगी। अधिकारियों को AQI, अस्पतालों में मरीजों की बढ़ोतरी, बिक्री केंद्रों और कार्रवाई की रिपोर्ट 14 दिसंबर तक देनी होगी। आदेशों का पालन नहीं करने पर अवमानना की कार्रवाई हो सकती है। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर 2026 को होगी।


Click it and Unblock the Notifications
