Delhi: साक्षी मर्डर के दूसरे दिन एक और लड़की की हत्या, खून से सनी थी लाश; पास बैठी थी एक युवती
Delhi: मजनू का टीला के पास स्थित सिविल लाइंस के अरुणा नगर में एक 22 साल की युवती का शव खून से लथपथ मिला। एक दिन पहले साक्षी नाम की लड़की की हत्या का केस भी उजागर हुआ था।

Delhi Murder: दिल्ली में साक्षी मर्डर केस के दूसरे दिन एक और युवती का शव खून से लथपथ संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि दिल्ली के फेमस मजनू का टीला के पास स्थित सिविल लाइंस के अरुणा नगर में एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर युवती का शव मिला है।
मृतक युवती की पहचान रानी (22) के रूप में हुई है। घटनास्थल पर शव के पास एक अन्य महिला सपना (36) मिली। हालांकि, उसने पुलिस को बताया कि वह बिल्डिंग की छत पर थी। बाद में उसे जानकारी मिली। मामले की जांच एफएसएल टीम और क्राइम टीम जुट गई है।
रूममेट ने ही की हत्या
उत्तरी दिल्ली डीसीपी सागर सिंह कलसी ने बताया कि मृतका के पास मिली युवती सपना ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। दोनों रूममेट थे। आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
एक दिन पहले साक्षी की हुई थी हत्या
आपको बता दें कि बीते दिन यानी 29 मई को एक 16 साल की लड़की की दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में चाकू से 20 बार वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इतना ही नहीं, आरोपी साहिल ने पत्थर और अपने जूतों तले करीब 10 बार उसे कुचला। खून से लथपथ लड़की का शव पुलिस ने बरामद किया। पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हो गई। जिसके जरिए पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही आरोपी साहिल को बुलंदशहर से दबोचा लिया।
दिल्ली पुलिस का खौफ खत्म!
वहीं, हाल ही की घटनाओं पर नजर डालें तो ऐसा लगता है कि अपराधियों में दिल्ली पुलिस का खौफ खत्म सा नजर आ रहा है। चाहे वह नागरिकों की हत्या हो या गैंगस्टर का मर्डर। पुलिस की नाक के नीचे अपराधी अपने मंसूबों को अंजाम तक पहुंचा रहे हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में दिखाई पड़ रही है।
आपको याद दिला दें कि 14 अप्रैल को तिहाड़ जेल में कड़ी सुरक्षा के बावजूद गैंगस्टर प्रिंस तेवतिया का मर्डर हुआ। 2 मई को गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या भी तिहाड़ जेल में हुई। उसके बाद 29 मई को तिहाड़ जेल में गैंगवार हुई, जिसमें कई कैदी जख्मी हुए। इसी दिन साक्षी नाम की लड़की की हत्या कर दी गई। दिल्ली में अपराध का ग्राफ बढ़ता नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications