MCD Results 2022: बीजेपी सांसद गौतम गंभीर की पूर्वी दिल्ली में AAP को जोरदार झटका
दिल्ली एमसीडी के चुनाव में पूर्वी दिल्ली में भाजपा ने आम आदमी पार्टी को अपने से आधे पर समेट दिया है। यह क्षेत्र बीजेपी के सांसद गौतम गंभीर का है, जहां भारतीय जनता पार्टी को आम आदमी पार्टी से दोगुनी सीट मिली है।

Recommended Video
Delhi MCD Election Results: दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने अपना कब्जा जमा लिया है। इसके साथ ही बीजेपी का 15 साल से चला आ रहा राज खत्म हो गया है। दिल्ली की सत्ता में बैठी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी को यहां सामान्य बहुमत से अच्छी-खासी ज्यादा सीटें मिली हैं। हालांकि, भाजपा के प्रदर्शन को लेकर एग्जिट पोल के जो अनुमान थे, उससे पार्टी ने कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है और उसने 100 का आंकड़ा आसानी से पार कर लिया है। जहां तक पूर्वी दिल्ली की 36 वार्डों का सवाल है तो वहां पर आम आदमी पार्टी के मुकाबले भाजपा ने अपनी दोगुनी ताकत दिखाई है।
42 केंद्रों पर हुई मतगणना
दिल्ली एमसीडी की 250 सीटों के लिए सुबह 8 बजे से ही मतगणना शुरू हो गई थी। पूरी दिल्ली में कुल 42 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती का काम चला। दिल्ली नगर निगम के लिए 4 दिसंबर को हुए मतदान में इस बार 50% से कुछ ही ज्यादा वोटिंग हुई थी। खासकर शहरी क्षेत्रों में बहुत कम लोग वोट डालने निकले थे। आज हुई वोटों की गिनती में एमसीडी का चुनाव लड़े कुल 1,349 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत पर फैसला हुआ है।
एमसीडी पर 15 वर्षों से था बीजेपी का कब्जा
दिल्ली नगर निगम पर पिछले 15 वर्षों से भाजपा का कब्जा था। लेकिन,इस बार इसपर आम आदमी पार्टी कब्जा हुआ है। 2017 के चुनाव में बीजेपी ने तब की तीनों एमसीडी की कुल 270 सीटों में से 181 सीटें जीती थीं। जबकि, आम आदमी पार्टी को पिछली बार 48, कांग्रेस को 30 सीटें मिली थीं। लेकिन, इस बार कांग्रेस बहुत ज्यादा पिछड़ गई और वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। भले ही भाजपा एमसीडी पर इस बार कब्जा नहीं बरकरार रख पाई हो, लेकिन पार्टी सांसद गौतम गंभीर अपने क्षेत्र में पार्टी को मिली सफलता से गदगद हैं। उन्होंने ट्वीट किया है-'थैंक यू ईस्ट दिल्ली! ग़ाज़ीपुर कूड़े का पहाड़ हम ही ख़त्म करेंगे! जय हिन्द'

गौतम गंभीर के क्षेत्र में भाजपा की जोरदार जीत
पूर्वी दिल्ली में एमसीडी के कुल 36 वार्ड के लिए चुनाव कराए गए हैं। इसमें बीजेपी को 22 और आम आदमी पार्टी को 11 सीटें मिली हैं। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवारों को सिर्फ 3 सीटों पर जीत मिली है। अन्य उम्मीदवारों में से यहां पर किसी का खाता भी नहीं खुला है।












Click it and Unblock the Notifications