अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य को लेकर LG ने डीजी जेल से तलब की रिपोर्ट
दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर वीके सक्सेना ने डीजी जेल को निर्देश दिया है कि वह आम आदमी पार्टी के आरोपों पर तथ्यात्मक और विस्तृत रिपोर्ट पेश करें। दरअसल आम आदमी पार्टी की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल के भीतर इंसुलिन नहीं दी जा रही है।
एलजी ने साफ किया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज निवास की ओर से एक बयान जारी करके कहा गया है कि एलजी ने आम आदमी पार्टी के नेताओं और दिल्ली के मंत्रियों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

आरोप लगाए गए हैं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को जेल के भीतर इंसुलिन नहीं मुहैया कराई जा रही है। एलजी ने डीजी जेल से 24 घंटे के भीतर इस पूरे मामले में विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है।
राजभवन की ओर से कहा गया है कि यद्यपि जेल पूरी तरह से आम आदमी पार्टी की सरकार के अंतर्गत आता है, लेकिन एलजी ने भरोसा दिया है कि सीएम के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही नं बर्दाश्त की जाएगी।
बता दें कि इससे पहले ईडी के स्पेशल काउंसिल जोहेब हुसैन ने रिपोर्ट में कहा था कि केजरीवाल जेल के भीतर आम खा रहे हैं, मीठा खा रहे हैं, ज्यादा सुगर वाली चाय पी रहे हैं, आलू-पूड़ी खा रहे हैं, ये वो डाइट है जो सुगर लेवल को बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि यह इसलिए किया जा रहा है ताकि जमानत के लिए इसे आधार बनाया जा सके।
स्पेशल जज कावेरी बावेजा ने जेल प्रशासन से इस बाबत रिपोर्ट तलब की है, साथ ही इस मामले को शुक्रवार दोपहर 2 बजे के लिए लिस्ट किया है। केजरीवाल के वकील ने अपनी उस याचिका को वापस ले लिया है जिसमे उन्होंने केजरीवाल का चेकअप वीडियो के जरिए उनके डॉक्टर से कराए जाने की मांग की थी।












Click it and Unblock the Notifications