Rau IAS Coaching: दिल्ली HC से कोचिंग के 4 सह-मालिकों को जमानत, 48 दिन पहले 3 छात्रों की हुई थी मौत
Rau'S IAS Coaching Case Update: दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को ओल्ड राजिंदर नगर के कोचिंग सेंटर के चार सह-मालिकों को 30 जनवरी तक अंतरिम जमानत दे दी। इस कोचिंग में 48 दिन पहले तीन IAS अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी।
न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा की पीठ ने हालांकि, सह-मालिकों को निर्देश दिया कि वे रेड क्रॉस (Indian Red Cross Society) में 5 करोड़ रुपये जमा करें। कोर्ट ने यह भी कहा कि सह-मालिकों ने बेसमेंट को किराए पर देकर 'लालच' का काम किया है।

क्या था हादसा ?
घटना 27 जुलाई की शाम को तब हुई, जब मध्य दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर में भारी बारिश के कारण राउ के IAS स्टडी सर्किल की बिल्डिंग के बेसमेंट में पानी भर गया। इस हादसे में उत्तर प्रदेश की श्रेया यादव (25), तेलंगाना की तान्या सोनी (25), और केरल के नेविन डेल्विन (24) की मौत हो गई। ये सभी IAS की तैयारी कर रहे छात्र थे।
कोर्ट के आदेश और समिति का गठन
दिल्ली हाई कोर्ट ने उपराज्यपाल को निर्देश दिया है कि वे एक उच्च स्तरीय समिति का गठन करें, जिसकी अध्यक्षता हाई कोर्ट के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे। इस समिति का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होगा कि बिना मंजूरी के कोई भी कोचिंग सेंटर न चलाया जाए। साथ ही, एक उपयुक्त स्थान भी चिन्हित किया जाएगा जहां इन कोचिंग सेंटरों को चलाया जा सके।
सह-मालिकों की जमानत याचिका
बेसमेंट के चार सह-मालिक - परविंदर सिंह, तजिंदर सिंह, हरविंदर सिंह, और सरबजीत सिंह ने जमानत याचिका दायर की थी। उन्होंने दलील दी कि वे केवल बेसमेंट के मकान मालिक हैं और इसे कोचिंग सेंटर को किराए पर दिया था। इसलिए, इस घटना में उनकी कोई सीधी भूमिका नहीं थी।
हालांकि, CBI ने उनकी जमानत का विरोध किया। सीबीआई का तर्क था कि यह जांच अभी शुरुआती चरण में है और जब तक स्वतंत्र गवाहों से पूछताछ पूरी नहीं हो जाती, तब तक इन्हें राहत नहीं दी जानी चाहिए।
हाई कोर्ट के सवाल
गुरुवार को, हाई कोर्ट ने CBI से पूछा था कि 27 जुलाई को इतनी भारी जलभराव की स्थिति क्यों बनी। न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा ने सुनवाई के दौरान पूछा, "उस दिन इतना जलभराव क्यों हुआ? क्या यह सिर्फ भारी बारिश के कारण हुआ या कुछ और वजह थी?
CBI के वकील ने कोर्ट को बताया कि गवाहों के बयान के मुताबिक, घटना के समय बेसमेंट में करीब 35-40 छात्र मौजूद थे। अचानक गेट टूटने के बाद, पानी तेज़ी से बेसमेंट में भर गया, जिससे यह स्थिति "बांध टूटने" जैसी लगने लगी।












Click it and Unblock the Notifications