दिल्ली: कोरोना मरीजों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी, दवा-बेड और इलाज की मिलेगी जानकारी
नई दिल्ली, 10 मई: पूरे देश के साथ दिल्ली पर भी कोरोना वायरस की दूसरी लहर भारी पड़ रही है। रोजाना सामने आ रहे नए कोरोना केस और मौत के आंकड़े दिल्ली सरकार की चिंता बढ़ा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर दिल्ली के अस्पतालों में बेड के साथ-साथ दवाओं और ऑक्सीजन का भी संकट बरकरार है। ऐसे में सीएम केजरीवाल ने कोरोना हेल्पलाइन 1031 सहित कई सेवाओं को शुरू किया है।

Recommended Video
दिल्ली सरकार की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर से राजधानी में बेड, ऑक्सीजन और कोविड के अलावा अस्पताल से संबंधित सभी जानकारी आसानी से हासिल हो सकेगी। ये सेवा सरकार के हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर डिपार्टमेंट की ओर से जारी की गई है।
बेड के लिए करना होगा ये काम
दरअसल, कोरोना मरीजों को अस्पताल में बेड न मिलने की समस्या दिल्ली में आम हो चुकी है। ऐसे में हॉस्पिटल्स में बेड की उपलब्धता के लिए सरकार ने एक ऐप की सुविधा दी है। ऐप को गूगल प्ले स्टोर या एप्पल स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। वहीं www.delhifightscorona.in से भी जानकारी मिल सकती है। दोनों जगहों पर कोविड बेड का स्टेट्स हर दो घंटे में अपडेट किया जाता है। वहीं रीयल-टाइम स्टेटस अपडेट के लिए अस्पताल को कॉल भी कर सकते हैं।
डॉक्टर के साथ फ्री टेली कंसल्टेंसी
कोरोना हेल्पलाइन 1031 में दिल्ली सरकार की ओर से डॉक्टरों की एक टीम तैनात की गई है, जो कोरोना रोगियों के सवालों को 24x7 सेवा देगी। ये सेवा पूरी तरह से फ्री है।
होम आइसोलेशन की फैसल्टी
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों से शुरुआती 10 दिन संपर्क में रहेगी। इसके साथ ही दवा, ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर सहित एक किट मरीज के घर पर मुफ्त में पहुंचाई जाएगी। अगर किसी को अपनी किट नहीं मिली तो डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम के संपर्क कर सकते हैं।
मेडिकल स्टोर पर दवाओं का स्टॉक उपलब्ध
कोविड इलाज में काम आने वाली सभी दवाएं स्थानीय केमिस्ट और फार्मेसियों पर उपलब्ध हैं। रेमडेसिवीर इंजेक्शन की कोविड अस्पतालों में मांग के हिसाब से सप्लाई की जा रही है। वहीं केंद्र से प्राप्त शेयरों के आधार पर टोक्लिजुमाब इंजेक्शन भी अस्पतालों को आवंटित किए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार की ओर से इन दवाओं की व्यवस्था करने के लिए मरीजों से नहीं कहने के भी निर्देश दिए हैं।
ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए ये सुविधा
http://oxygen.jantasamvad.org/ पर उपलब्ध लिस्ट के मुताबिक सरकार ने डिपो और डीलरों से ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदने के लिए कहा है। ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीद के लिए रोगी के पहचान पत्र और डॉक्टर के पर्चे के साथ परिवार के सदस्य के पहचान पत्र की आवश्यकता होगी। इसके अलावा री-फिलर्स या डीलरों का पता लगाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1031 पर भी डायल किया जा सकता है।
अंतिम संस्कार के लिए व्यवस्था
अगर कोई परिवार किसी ऐसे व्यक्ति का अंतिम संस्कार करना चाहता है, जिसकी मौत घर पर हुई है तो वो डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकता है। अगर किसी को इसकी जानकारी नहीं है तो वो सीधा हेल्पलाइन 1031 पर कॉल करके डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकता है। इस दौरान जिला मजिस्ट्रेट ऑफिस की ओर से कोरोना प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार करवाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications