BJP Manifesto: महिलाओं को 2500, गर्भवती को 21,000, मुफ्त सिलेंडर, भाजपा के घोषणापत्र की 10 बड़ी बातें
BJP Manifesto 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना घोषणापत्र यानी संकल्प पत्र जारी किया है। भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि वादा पूरा करने में हमारा स्ट्राइक रेट 99.9 फीसदी है। जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र का ये पहला भाग है। दूसरा और तीसरा भाग भी जल्द ही रिलीज किया जाएगा।
भाजपा ने दिल्ली में महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये, गर्भवती को महिलाओं को 21,000 रुपये देने का वादा किया है। वहीं भाजपा ने कहा है कि होली-दिवाली पर सिलेंडर फ्री दी जाएगी। जेपी नड्डा ने कहा कि LPG सिलेंडर पर 500 की सब्सिडी दी जाएगी।

जेपी नड्डा ने कहा कि, दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर न केवल मौजूदा कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी, बल्कि उन्हें और अधिक प्रभावी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा।
जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली में महिला समृद्धि योजना के तहत प्रतिमाह 2,500 रुपये हर महिला को दिए जाएंगे। इस योजना को पहली ही कैबिनेट में पारित किया जाएगा।
BJP Manifesto Highlights: भाजपा के घोषणापत्र की बड़ी बातें
-
1. दिल्ली की सारी कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी। यानी दिल्ली में पहले से जो भी योजना चल रही है...वो वैसे ही जारी रहेगी।
-
2. महिलाओं को प्रति माह 2500 रु दिए जाएंगे, इस योजना का नाम महिला समृद्धि रखा जाएगा।
-
3. महिलाओं को सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी
-
4. होली और दीवाली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा।
-
5. हर गर्भवती महिला को 21,000 रुपये दिए जाएंगे
-
6. मातृ सुरक्षा वंदना को और ताकत देने के लिए 6 पोषण किट दी जाएगी
-
7. दिल्ली में सीनियर सिटिजन यानी 60-70 साल वालों को पेंशन 2000 बढ़ाकर 2500 की जाएगी।
-
8. वहीं 70 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को 3 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी।
-
9. विधवाओं और दिव्यांगों को 3 हजार रुपये हर महीने दिए जाएंगे।
-
10. दिल्ली में झुग्गियों के लिए अटल कैंटीन योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत 5 रु में भोजन मिलेगा।
भाजपा का वादा- दिल्लीवासियों को 10 लाख रुपये का हेल्थ कवर
जेपी नड्डा ने कहा, ''हमने तय किया है कि दिल्ली में सरकार बनने पर प्रथम कैबिनेट में हम आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली में पूरी तरह लागू करेंगे और इसके साथ ही हम दिल्ली सरकार की तरफ से 5 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देंगे। यानी कुल 10 लाख रुपये का हेल्थ कवर दिल्लीवासियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलेगा।''
मैटरनिटी लीव 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह
जेपी नड्डा ने कहा, ''मैटरनिटी लीव 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह कर दिया गया है...हमने फैसला किया है कि अगर पार्टी सत्ता में आई तो 'महिला समृद्धि योजना' के तहत दिल्ली में महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक सहायता दी जाएगी।''












Click it and Unblock the Notifications