Delhi Chunav 2025: दिल्ली में घर बैठे वोटिंग के लिए बुजुर्ग और दिव्यांगजन कैसे करें अप्लाई, जानें हर डिटेल
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग और दिव्यांग वोटर्स घर से बैठकर ही मतदान कर सकते हैं। दिल्ली का कोई भी बुजुर्ग और दिव्यांगजन जो घर बैठे वोटिंग करना चाहते हैं, उन्हें नोटिफिकेशन के 5 दिनों के भीतर 12डी फॉर्म भरना होगा।
चुनाव आयोग ने वोटिंग प्रक्रिया को और अधिक सुलभ और समावेशी बनाने के लिए अपने "घर से मतदान" विकल्प का विस्तार करते हुए इसमें वरिष्ठ व्यक्तियों (80 वर्ष या उससे अधिक आयु के) और विकलांग व्यक्तियों (PwD) को भी शामिल किया है।

दिल्ली में घर से बैठे कौन कर सकता है वोटिंग?
दिव्यांग उम्मीदवार और वरिष्ठ नागरिक घर से मतदान सेवा का उपयोग कर सकते हैं। संबंधित प्रमाणन प्राधिकरण द्वारा प्रमाणित निर्दिष्ट विकलांगता का कम से कम 40% बेंचमार्क विकलांगता होना चाहिए। जो मतदाता घर से अपना वोट डालना चाहते हैं, उन्हें चुनाव के दिन मतदान केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं है।
2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान, देश भर के सभी पात्र मतदाताओं को घर से ही मतदान करने का अवसर दिया गया था। उस समय, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा था, "आम तौर पर यह प्रवृत्ति रही है कि वरिष्ठ नागरिक प्रक्रिया में भाग लेना चाहते हैं और बूथ तक पैदल जाना चाहते हैं। लेकिन इस बार, हमने उन्हें अपने घरों में ही मतदान करने का विकल्प दिया है।"
बुजुर्ग और दिव्यांग वोटर्स घर बैठे कैसे कर सकते हैं वोटिंग के लिए अप्लाई?
बुजुर्ग और दिव्यांग वोटर्स सक्षम ऐप के जरिए घर बैठे मतदान करने की इच्छा से रिटर्निंग अफसर बता सकते हैं। दिल्ली की 70 विधानसभा इलाकों में 2,77,221 बुजुर्ग मतदाता हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 79,436 है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक 80 साल से अधिक उम्र वाले बुजुर्ग घर से ही वोटिंग कर सकते हैं। वहीं दिव्यांग वोटर, जिन्हें 40 प्रतिशत दिव्यांगता का सर्टिफिकेट प्राप्त है, वो भी घर से वोटिंग कर सकते हैं।
बुजुर्ग और दिव्यांग वोटर्स घर से वोटिंग के लिए नोटिफिकेशन के 5 दिनों के भीतर संबंधित रिटर्निंग अफसर को सूचित करना होगा। घर बैठे मतदान के लिए वोटिंग की तारीख बाद में तय की जाएगी। इसके लिए फॉर्म 12डी भर कर रिटर्निंग अफसर के पास जमा कराना होगा। दिव्यांग मतदाताओं को अपने दिव्यांगता प्रमाणपत्र जमा करना होगा।
इतना ही नहीं संबंधित एरिया के बीएलओ को भी ऐसे मतदाताओं से संपर्क करने के लिए कहा गया है। ताकि वो फॉर्म भर कर उन्हें दे सकें। बीएलओ को अलग से ऐसे मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में हाइलाइट करन के लिए भी कहा गया है। इसके अलावा बुजुर्ग मतदाता सक्षम ऐप डाउनलोड कर उस पर भी घर बैठे मतदान के लिए फॉर्म भर सकते हैं।
Delhi Chunav Date: दिल्ली चुनाव की तारीख
भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के मुताबिक दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को एक ही चरण में होंगे। 8 फरवरी को वोटों की गिनती होगी। चुनाव आयोग के सबसे हालिया आंकड़ों के मुताबिक पिछले दो महीनों में दिल्ली के मतदाता आधार में काफी विस्तार हुआ है। अक्टूबर 2024 में, कुल मतदाता 1,53,57,529 थे, और दिसंबर 2024 तक, 1,55,24,858 अतिरिक्त मतदाता थे।
- राजपत्र अधिसूचना जारी करने की तिथि: 10.01.2025
- नामांकन की अंतिम तिथि: 17.01.2025
- नामांकन की जांच की तिथि: 18.01.2025
- उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि: 20.01.2025
- मतदान की तिथि: 05.02.2025
- मतगणना की तिथि: 08.02.2025
- चुनाव संपन्न होने की तिथि: 10.02.2025












Click it and Unblock the Notifications