Delhi Election 2025: स्मृति ईरानी का दिल्ली चुनाव लड़ना लगभग तय! BJP इस विधानसभा सीट से देगी टिकट
Smriti Irani (Delhi Election 2025): पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ना लगभग तय हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) स्मृति ईरानी को दिल्ली के चुनावी मैदान में उतारने की योजना बना रही है।
दिल्ली के चुनावी रण में 59 उम्मीदवारों को मैदान में उतार चुकी भाजपा बाकी बची 11 सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर चौंका सकती है। इन 11 नामों में चर्चित नाम और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम शामिल है। कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा उन्हें दिल्ली कैंट या ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतार सकती है।

Delhi Chunav: स्मृति ईरानी के दिल्ली चुनाव में आने से दिलचस्प होगा मुकाबला!
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की उम्मीदवारी दिल्ली विधानसभा चुनाव को और भी दिलचस्प बना सकती है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा स्मृति ईरानी को दिल्ली कैंट या ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से टिकट दे सकती है। भाजपा ग्रेटर कैलाश से आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज के खिलाफ मजबूत उम्मीदवार चाहती है। हाल ही में दिल्ली चुनाव को लेकर स्मृति ईरानी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की है। जिसके बाद उनकी चुनाव लड़ने की अटकलें और तेज हो गई है।
स्मृति ईरानी ने रविवार 12 जनवरी को भाजपा पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस पीसी में स्मृति ईरानी ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को फर्जी आधार कार्ड और दस्तावेज के जरिए दिल्ली में बसाने में मदद करने का आरोप लगाया।
पहले भी दिल्ली चुनाव लड़ चुकी हैं स्मृति ईरानी!
स्मृति ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के अमेठी निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हराया था, हालांकि वह खुद 2024 के चुनाव में हार गई हैं। इससे पहले उन्होंने 2009 का लोकसभा चुनाव दिल्ली के चांदनी चौक निर्वाचन क्षेत्र से लड़ा था।
स्मृति ईरानी के शानदार भाषण और व्यापक लोकप्रियता से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की उम्मीद है। इसके अलावा, उन्हें दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के महत्वपूर्ण चेहरों में से एक के रूप में देखा जा सकता है। इस बार पार्टी ने सभी राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए प्रमुख सीटों पर रणनीतिक रूप से प्रमुख हस्तियों को मैदान में उतारा है।
नई दिल्ली में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पूर्व सांसद परवेश वर्मा के उतरने से नई दिल्ली सीच पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। इसी तरह कालकाजी में सीएम आतिशी के खिलाफ पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारकर इस सीट पर भी राजनीतिक मुकाबला पहले के चुनावों की तुलना में और कड़ा हो गया है।
ग्रेटर कैलाश सीट पर भाजपा उतारेगी मजबूत उम्मीदवार
स्मृति ईरानी किस सीट से चुनाव लड़ेंगी, इस बारे में अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। हालांकि, माना जा रहा है कि दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज को विधानसभा में चौथी बार जीतने से रोकने के लिए भाजपा उनके खिलाफ कोई मजबूत उम्मीदवार उतार सकती है। भारद्वाज 2013 से ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से आप के विधायक हैं। इसलिए यह संभव है कि भाजपा आगामी चुनावों में ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से अपने सबसे मजबूत नेताओं में से एक को मैदान में उतारे।












Click it and Unblock the Notifications