Delhi Election 2025: BJP को अपना भाई और कांग्रेस को क्या समझते हैं केजरीवाल? AAP प्रमुख ने क्यों कही ये बात?
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के बीच चुनाव प्रचार जोरों पर है। इस कड़ी में घोंडा विधानसभा इलाके में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने चुनावी माहौल में जनता को कई अहम संदेश दिए। उन्होंने अपनी दस साल की राजनीतिक यात्रा और सरकार के कामों पर चर्चा की।
जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, "मैंने राजनीति में कदम जरूर रखा है, लेकिन राजनीति करना मुझे आज भी नहीं आता। मैं इंजीनियर था, हूं और हमेशा रहूंगा। मैंने जनता की समस्याओं को हल करने के लिए राजनीति में कदम रखा है, और यही मेरा उद्देश्य है। इसीलिए विरोधी पार्टियां मुझ पर हमेशा हमला करती हैं।"

'बीजेपी वाले मेरे भाई हैं', रैली में बोले केजरीवाल
केजरीवाल ने सभी राजनीतिक दलों के प्रति अपनी भावना जाहिर करते हुए कहा, "जो बीजेपी वाले हैं, उन्हें भी मैं अपना भाई मानता हूं, और जो कांग्रेस वाले हैं, उन्हें भी मैं अपना भाई मानता हूं। मेरे लिए सभी पार्टी के लोग मेरे परिवार जैसे हैं। मैं केवल इतना कहना चाहता हूं कि इस बार सही बटन दबाएं, क्योंकि अगर गलत बटन दब गया तो हर परिवार को हर महीने 25 हजार रुपये का नुकसान हो सकता है।"
'...तो मैं कहता हूं, मैं जादूगर हूं'
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के घोंड़ा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, "सभी को जीरो बिजली बिल मिल रहा है। मैं इंजीनियर हूं, इसलिए आपको 24 घंटे बिजली मिलती है और मैं बनिए का बेटा हूं, इसलिए बिजली मुफ्त मिलती है। भाजपा मुझसे पूछती है कि मैं अपनी सभी घोषणाओं के लिए पैसे कहां से लाऊंगा, तो मैं कहता हूं, मैं जादूगर हूं।"
"10 सालों में जितना काम हुआ, 75 सालों में नहीं हुआ"
केजरीवाल ने अपनी सरकार की उपलब्धियों पर बात करते हुए कहा, "मैं यह दावा नहीं करूंगा कि हमने दिल्ली को स्वर्ग बना दिया है। लेकिन, जितना काम हमने पिछले 10 सालों में किया है, उतना काम देश में 75 सालों में नहीं हुआ। हमने दिल्ली में स्कूल, अस्पताल, पानी और बिजली की स्थिति को बेहतर किया है। ये काम जनता के लिए किए गए हैं और आगे भी जारी रहेंगे।"
"बीजेपी केवल उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है"
अपने भाषण में केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, "बीजेपी जनता को मिलने वाली सुविधाओं को खत्म करने की कोशिश कर रही है। वे जनता के टैक्स का पैसा लेकर चंद बड़े उद्योगपतियों को कर्ज देते हैं और बाद में उनका कर्ज माफ कर देते हैं। एक व्यक्ति का 46 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ हो जाता है, लेकिन गरीबों और मध्यम वर्ग के लोगों का कर्ज कोई माफ नहीं करता।"
केजरीवाल की जनता से अपील
अरविंद केजरीवाल ने जनता से अपील की कि वे इस बार सोच-समझकर वोट करें। उन्होंने कहा, "हम जनता के काम करने आए हैं। अगर आपको हमारा काम पसंद है, तो हमें दोबारा मौका दें। गलत बटन दबाने से नुकसान जनता का होगा।"












Click it and Unblock the Notifications