Delhi Accident: कैसे हुई जगुआर कार की कैब से भिड़ंत? चश्मदीद ने बताई पूरी आंखों देखी
Delhi Jaguar Car Accident: दिल्ली में तेज रफ्तार जगुआर कार का कहर देखने को मिला, जिसने कैब में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा रविवार सुबह धौला कुआं के पास हुआ, जिसमें 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे को लेकर पुलिस ने कहा कि रविवार सुबह धौला कुआं के पास तेज रफ्तार जगुआर कार ने एक कैब को टक्कर मार दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। वहीं अब इस हादसे को लेकर एक चश्मदीद सामने आया है, जिसने बताया कि ये हादसा कैसे हुआ?

दिल्ली पुलिस के मुताबिक कैब ड्राइवर और दो यात्रियों को गंभीर चोटें आईं और तीनों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
'तेज धमाका हुआ और मैं...' चश्मदीद ने बताया
वहीं न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए एक प्रत्यक्षदर्शी धीरज गुप्ता ने कहा, "मैं शांति से सो रहा था और अचानक एक तेज आवाज हुई और मैं जाग गया। मैंने देखा कि दो कारें विपरीत दिशाओं से आ रही थीं और एक-दूसरे से टकरा गई। कार में एक लड़का और एक लड़की सवार थे। उन्हें मामूली चोटें आईं।"
प्रत्यक्षदर्शी धीरज गुप्ता ने आगे कहा, "हालांकि, कैब में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं। हमने 100 नंबर डायल किया और पीसीआर को बुलाया। पीसीआर आई और फिर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।"
सुबह करीब 4:55 पर पुलिस को आया कॉल
दिल्ली पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 4:55 बजे एक पीसीआर को दो वाहनों की दुर्घटना के बारे में कॉल मिली, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायल कैब चालक हरजीत सिंह, निवासी गणेश नगर 2, शकरपुर, दिल्ली और कैब में सवार अन्य दो लोगों को एम्स में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कहा कि कानून के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें भेजी गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications