COVID-19: दिल्ली में सामने आए कोरोना के 381 नए केस, पॉजिटिविटी रेट हुई 0.50%
नई दिल्ली, 06 जून। दिल्ली में लगातार कोरोना के केस कम हो रहे हैं। रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटो में राजधानी में कोरोना के 381 नए केस सामने आए हैं, जबकि 34 लोगों की मौत हुई है और 1,189 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर भी लौटे हैं तो वहीं इस वक्त राजधानी में सक्रिय मामले 5,889 हैं और पॉजिटिविटी दर 0.50% हो गई है। आपको बता दें कि दिल्ली में कोरोना का पीक 28 अप्रैल को देखने को मिला था, तब राजधानी में एक्टिव केसों की संख्या 99,752 हो गई थी।

दिल्ली में कोरोना के केस कम होने पर सीएम केजरीवाल ने दिल्ली के धीरे-धीरे अनलॉक करने की प्रक्रिया को प्रारंभ किया है। इसी के तहत पिछले सोमवार से निर्माण कार्यों को दिल्ली में शुरू किया गया है तो वहीं 7 जून से अब दिल्ली में मेट्रो सेवा भी बहाल होने जा रही है। दिल्ली मेट्रो की ओर से इस बारे में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। दिल्ली मेट्रो ने इस बारे में Tweet भी किया है।

क्या है गाइडलाइंस
- 50 प्रतिशत सवारियों के साथ ही मेट्रो चलेगी।
- हर लाइन पर 5 से 15 मिनट तक का ब्रेकिंग स्पॉट होगा।
- मेट्रो परिसर और ट्रेन में यात्रा के दौरान लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य।
- बिना मास्क के अगर कोई पाया जाएगा तो उस पर जुर्माना लगेगा।
- मेट्रो स्टेशन पर यात्रा से पहले सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रिनिंग की जाएगी।
- सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना जरूरी।
- प्रत्येक व्यक्ति के मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप इंस्टाल होना चाहिए।

सुस्त पड़ी कोरोना वायरस की रफ्तार
तो वहीं अगर पूरे देश की बात की जाए तो बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 1,14,460 नए केस सामने आए हैं और 2677 लोगों ने दम तोड़ा है। आपको बता दें कि ये पिछले 60 दिनों में आए सबसे कम दैनिक आंकड़ा है। नए केस सामने आने के बाद भारत में इस वक्त पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2,88,09,339 हो गई है और मौत का आंकड़ा 3,46,759 पहुंच गया है। 24 घंटों के दौरान 1,89,232 लोग अस्पताल से ठीक होकर घर भी लौटे हैं। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 14,77,799 है तो देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 23,13,22,417 हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications