Old Rajendra Nagar Case: 'दीदी का वादा था रक्षाबंधन में आएगी' श्रेया के भाई का रो-रोकर बुरा हाल
Old Rajendra Nagar Accident News: दिल्ली के कोचिंग सेंटर में छात्रों की मौत से मातम पसरा हुआ है। अपनों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बीच राजेंद्र नगर में IAS बनने का सपना लिये पहुंची एक छात्रा भी सुर्खियों में है, जिसने हादसे के चलते अपनी जान गंवा दी।
श्रेया यादव के घरवालों का बुरा हाल
छात्रा का नाम है श्रेया यादव, जिसके घरवालों का कहना है कि टीवी पर खबर देखकर उन्हें पता चला कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं रही। घर से सिर्फ एक ही आवाज सुनाई पड़ रही है और वो है चीख पुकार। अब श्रेया के भाई का एक बयान लोगों को भावुक कर रहा है, जिसमें वो बहन के रक्षाबंधन में आने के वादे की बात करता दिखा।

'रक्षाबंधन में आने का किया था वादा'
तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी श्रेया के घर में मातम पसरा हुआ है। दीदी ने मुझे रक्षाबंधन में आने का वादा किया था... ये शब्द हैं उस भाई के, जो रक्षाबंधन से पहले अपनी बहन के घर आने की राह तक रहा था। मगर उसे क्या मालूम था कि बहन कभी घर जिंदा नहीं लौटेगी।
क्या बोले श्रेया के चाचा?
श्रेया के चाचा ही थे, जिन्हें उनके गुजरने की खबर का सबसे पहले पता चला। गाजियाबाद में रहने वाले उनके चाचा धर्मेंद्र यादव ने कहा कि मुझे इस घटना का तब पता चला, जब मैंने टीवी में देखा। मैंने श्रेया को फोन करने की बहुत कोशिश की मगर बात नहीं कर सका। मुझे आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं मिली।
चेहरा दिखाने से क्यों किया इंकार?
इसके बाद मैंने न्यूजपेपर देखा और कोचिंग इंस्टीट्यूट से बात करने की पूरी कोशिश की। मैं जब वहां पहुंचा तो मैंने उनसे चेहरा दिखाने को बोला मगर उन्होंने साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि ये पुलिस केस है। हम सिर्फ आपको वो पेपर दिखा सकते हैं, जिसपर श्रेया का नाम लिखा हुआ है।
बताते चलें कि हाल ही में दिल्ली के राजेंद्र प्लेस में हुए इस मामले को लेकर छात्रों का गुस्सा ऊफान पर है। राव आईएएस अकादमी के बाहर छात्र कोचिंग सेंटर के खिलाफ एक्शन की मांग पर डटे हुए हैं। इस घटना में तीन छात्रों की मौत हो गई, जिसने हर किसी को गुस्से से आग-बबूला कर दिया है।
फायर ब्रिगेट के अधिकारियों ने इस पूरे मसले की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें छात्रों के बेसमेंट में फंसने की सूचना मिली, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने फंसे छात्रों को बचाने की मशक्कत शुरू कर दी। इसके बाद तानिया और श्रेया की बॉडी को पानी से निकाला गया। नवीन की डेडबॉडी रात को मिली।












Click it and Unblock the Notifications