'विवेक अग्निहोत्री से कहो, कश्मीर फाइल्स को यूट्यूब पर अपलोड करें', टैक्स फ्री करने की मांग पर बोले केजरीवाल
कश्मीर फाइल्स टैक्स फ्री करने पर केजरीवाल का बयान
नई दिल्ली, 24 मार्च: दिल्ली एमसीडी चुनावों को लेकर दिल्ली सीएम और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल बीजेपी पर लगातार हमला कर रहे हैं। बुधवार को केजरीवाल ने बीजेपी को ओपन चैलेंज देते हुए कहा था कि हिम्मत है तो एमसीडी के चुनाव टाइम पर कराकर दिखाओ और जीत कर दिखा दो, हम राजनीति छोड़ देंगे। वहीं गुरुवार को दिल्ली विधानसभा के अंदर केजरीवाल बीजेपी पर जमकर बरसे। उन्होंने बाबा साहेब, कश्मीर फाइल्स और शराब की दुकानों को लेकर बीजेपी पर जोरदार हमला बोला।

'सबसे छोटी पार्टी हैं फिर भी डर गए तुम लोग'
दिल्ली विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने भाषण में बीजेपी को आड़े हाथ लिया। अपने बयान में केजरीवाल ने कहा, "कहते हैं कि हम दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी (भाजपा) हैं, हम तो दुनिया की सबसे छोटी पार्टी हैं फिर भी डर गए तुम लोग। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी एक छोटी पार्टी से डर के भाग गई क्या कायर लोग हैं। हिम्मत है तो चुनाव लड़ के दिखाओ।"
कश्मीर फाइल्स टैक्स फ्री करने पर केजरीवाल का बयान
वहीं कश्मीर फाइल्स को दिल्ली में टैक्स फ्री करने और शराब की दुकानों के मामले में बीजेपी पर निशाना साधते हुए सीएम ने दिल्ली विधानसभा में कहा कि दो लोग दारू की दुकान को लेकर नारेबाजी कर रहे थे तो दो लोग कश्मीर फाइल्स टैक्स फ्री करने के लिए। अब यह इस मुद्दे पर बात नहीं कर रहे, क्योंकि यह फिल्म आ गई है। इसी के साथ केजरीवाल ने कहा कि फिल्म को यूट्यूब पर अपलोड कर देना चाहिए ताकी सभी लोग इसे आसानी से देख सकें। टैक्स फ्री करने की मांग क्यों की जा रही है। वहीं बीजेपी के लिए कहा कि पूरी पार्टी पिक्चर के पोस्टर लगाने में लगी हुई है।
'GDP में 5 साल के अंदर 50% बढ़ोतरी'
वहीं विधानसभा के बाद मीडिया से बात करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एलजी अनिल बैजल ने भी दिल्ली सरकार और उसके काम की तारीफ की। दिल्ली की GDP में 5 साल के अंदर 50% बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में नए-नए प्रयोग हो रहे हैं, दिल्ली के अस्पताल भी अच्छे हो रहे हैं। आने वाले समय में और भी काम करने हैं।
बीजेपी पर आक्रामक केजरीवाल
बता दें कि इससे पहले केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि भाजपा अपने आप को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहती है। कमाल है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी एक छोटी सी आम आदमी पार्टी से घबरा के भाग गई? हिम्मत है तो MCD के चुनाव टाइम पे करवा के दिखाओ।
इसी के साथ उन्होंने आगे लिखा था कि भाजपा MCD के चुनाव टाल रही है कि दिल्ली के तीनों निगम एक कर रहे है। क्या इस वजह से चुनाव टल सकते हैं? कल ये गुजरात हार रहे होंगे तो क्या ये कह कर टाल सकते हैं कि गुजरात और महाराष्ट्र को एक कर रहे हैं? क्या इसी तरह का कोई बहाना बना कर लोक सभा चुनाव टाले जा सकते हैं?












Click it and Unblock the Notifications