Delhi Chunav 2025: 'प्यारी दीदी योजना', कांग्रेस, AAP,BJP शासित 7 राज्यों में महिलाओं को कहां मिला धोखा?
Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव को त्रिकोणीय बनाने की कवायद में जुटी कांग्रेस पार्टी ने भी अपनी सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए देने का वादा किया है। पार्टी ने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के 'मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना' के जवाब में 'प्यारी दीदी योजना' लाने का वादा किया है। आप ने इसके तहत महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपए देने का वादा किया है।
चुनाव आयोग की ओर से सोमवार को जारी दिल्ली की फाइनल वोटर लिस्ट के मुताबिक राज्य के 1.55 करोड़ से अधिक मतदाताओं में महिला वोटरों की संख्या 71.73 लाख से अधिक है। इसलिए, पहले आप ने फिर कांग्रेस ने आधी आबादी को कैश देने का वादा किया है। बीजेपी की ओर से अभी इस तरह की कोई लोक-लुभावन घोषणा नहीं की गई है। हम यहां कुल 7 राज्यों में इन तीनों दलों की ओर से किए गए इसी तरह के चुनावी वादे की हकीकत जानने की कोशिश करते हैं।

Delhi Chunav 2025: 1) महाराष्ट्र: बीजेपी की अगुवाई वाली महायुति सरकार
महाराष्ट्र में बीजेपी की अगुवाई वाले महायुति गठबंधन ने पिछले साल नवंबर में विधानसभा चुनावों से पहले महिलाओं को 'माझी लाडकी बहिन योजना' के तहत हर महीने 1,500 रुपए देना शुरू किया था।
चुनावों में गठबंधन का इसका जबरदस्त फायदा मिला और यह योजना जारी है और इसकी रकम बढ़ाने की भी वादा किया गया है। बीजेपी की अगुवाई वाले गठबंधन को 288 सीटों वाली विधानसभा में 235 के करीब सीटें मिली हैं।
राज्य में कांग्रेस की अगुवाई वाले महा विकास अघाड़ी (MVA) ने भी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपए देने का वादा किया था, लेकिन भी उन्हें बहुत ही करारी हार का सामना करना पड़ा।
Delhi Chunav 2025: 2) मध्य प्रदेश: बीजेपी की सरकार
मध्य प्रदेश में 'लाडली बहन योजना' की शुरुआत 2023 के विधानसभा चुनावों से पहले शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने की थी। इसके तहत 60 साल तक की महिलाओं को हर महीने 1,250 रुपए की वित्तीय सहायता दी जा रही है। यह योजना भी बीजेपी के लिए चुनावों में गेमचेंजर साबित हुई और वह 230 सीटों में से 163 सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाने में सफल हो गई।
2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने अप्रत्याशित रूप से राज्य की सभी 29 सीटों पर भगवा लहरा दिया।
Delhi Chunav 2025:3) छत्तीसगढ़: बीजेपी सरकार
उसी साल बीजेपी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में जीतने पर राज्य में 21 साल से ऊपर की सभी महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की वित्तीय सहायता देने का वादा किया था। सरकार बनने के कुछ ही महीने बाद 2024 के मार्च में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'महतारी वंदन योजना' के नाम की इस स्कीम को लॉन्च कर दिया।
पिछले साल लोकसभा चुनावों में भाजपा अपना प्रदर्शन सुधारते हुए 11 में से 10 सीटें जीत गई। 2019 में उसके पास 9 सीटें थीं।
Delhi Chunav 2025: 4) ओडिशा: बीजेपी सरकार
ओडिशा में पिछले साल लोकसभा के साथ ही विधानसभा के चुनाव भी हुए। बीजेपी ने चुनावों के दौरान अपनी सरकार बनने पर महिलाओं के लिए 'सुभद्रा योजना'शुरू करने का वादा किया था।
पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान ही इसके लिए रजिस्ट्रेशन का दांव चला। पार्टी ने पहली बार विधानसभा की 147 में से 78 सीटें जीतकर सरकार बना ली और लोकसभा में भी 21 में से 20 सीटें जीतने में सफल हो गई।
पिछले साल सितंबर में ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार ने यह योजना लागू कर दी। इसके तहत 21 से 60 वर्ष की महिलाओं को पांच साल तक 50,000 रुपए की वित्तीय सहायता दी जा रही है।
Delhi Chunav 2025: 5) हिमाचल प्रदेश: कांग्रेस सरकार
2022 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने वहां के मतदाताओं से 10 गारंटियों का वादा किया था। पार्टी की मौजूदा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा इन गारंटियों की अगुवाई कर रही थीं। उस दौरान उन्होंने 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा दिया था।
गारंटियों में एक यह भी वादा शामिल था कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस की सरकार हिमाचल की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की वित्तीय सहायता देगी। लेकिन, सरकार बनने के महीनों बाद तक अपने वादे की कभी कोई सुध नहीं ली।
पिछले साल जब लोकसभा चुनाव होने वाले थे तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने अचानक 'इंदिरा प्यारी बहना सुख सम्मान निधि' की घोषणा कर दी। इस योजना के तहत 18 से 60 साल तक की महिलाएं 1,000 रुपए मासिक वित्तीय सहायता की हकदार हैं। हालांकि, फिर भी कांग्रेस लोकसभा की चारों सीटें हार गई।
Delhi Chunav 2025: 6) कर्नाटक: कांग्रेस सरकार
2023 के मई में कर्नाटक विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने 6 गारंटियों का वादा किया था। इसमें बहु-प्रचारित 'गृहलक्ष्मी योजना' भी शामिल थी। पार्टी को इसका फायदा मिला और 224 सीटों में से 135 सीटें जीतकर वह सत्ता में आ गई।
उसी साल अगस्त में में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गरीबी रेखा के नीचे के परिवारों की महिला प्रमुखों को 2,000 रुपए मासिक सहायता वाली योजना लॉन्च कर दी।
इस साल लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को इसका फिर फायदा मिला और 28 सीटों में से वह 8 सीटें जीतने में सफल हुई, जबकि 2019 में वह मात्र एक सीट जीत सकी थी।
Delhi Chunav 2025: 7) पंजाब: आम आदमी पार्टी की सरकार
हिमाचल प्रदेश के साथ ही 2022 में पंजाब विधानसभा के भी चुनाव हुए थे। चुनावी वादे के तहत आम आदमी पार्टी ने सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए देने की घोषणा की थी।
पार्टी ने राज्य में ऐतिहासिक जीत दर्ज की और 117 सीटों में से 92 सीटें जीत गई। लेकिन, महिलाओं के साथ किया गया यह वादा कभी पूरा नहीं हो पाया।
2024 के लोकसभा चुनावों से पहले राज्य सरकार की ओर से फिर कहा गया कि पार्टी के वादे को पूरा किया जाएगा। लेकिन, यह नहीं हुआ।












Click it and Unblock the Notifications