Delhi Chunav 2025: दिल्ली में मतदान कबसे? कब आएंगे नतीजे? EC ने तारीखों के ऐलान के साथ बताया पूरा प्लान
Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान आज दोपहर (मंगलवार, 7 जनवरी) 2 बजे हो गया। चुनाव आयोग ने इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर चुनाव कार्यक्रम और आचार संहिता लागू होने की घोषणा की। आयोग के मुताबिक, 70 सीटों पर 5 फरवरी को वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 8 फरवरी को आएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि डेढ़ करोड़ वोटरों के लिए दिल्ली में 33 हजार 330 बूथ होंगे। वहीं, 85 साल से ज्यादा उम्र के वोटर्स के लिए घर से मतदान की सुविधा रहेगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है, और मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार 18 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया 18 फरवरी से पहले पूरी कर ली गई है। दिल्ली में पारंपरिक रूप से एक ही चरण में विधानसभा चुनाव होते रहे हैं।

दिल्ली की 70 विधानसभा के लिए चुनाव की महत्वपूर्ण तारीखें
- नामांकन करने की अंतिम तिथि - 17.01.2025 (शुक्रवार)
- नामांकन की जांच की तिथि- 18.01.2025 (शनिवार)
- उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि- 20.01.2025 (सोमवार)
- मतदान की तिथि- 05.02.2025 (बुधवार)
- गिनती की तारीख- 08.02.2025 (शनिवार)
पिछला प्रदर्शन: किसके हाथ में थी बाजी?
2020 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 में से 62 सीटें जीती थीं। भाजपा को 8 सीटों पर संतोष करना पड़ा था, जबकि कांग्रेस एक बार फिर खाता खोलने में नाकाम रही।
- AAP का वोट शेयर: 53.57%
- भाजपा का वोट शेयर: 38.51%
- कांग्रेस का वोट शेयर: 4.26%
2025 का खाका: AAP और भाजपा में सीधी टक्कर
आम आदमी पार्टी की कमर तोड़ तैयारी, 70 सीटों पर प्रत्याशी जारी
AAP ने चुनाव की घोषणा से पहले ही सभी 70 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं।
- 26 विधायकों के टिकट कटे: नए चेहरों को मौका दिया गया है।
मुख्य प्रत्याशी:
- अरविंद केजरीवाल (नई दिल्ली सीट): लगातार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
- आतिशी (कालकाजी सीट): दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में चुनावी मैदान में।
- गोपाल राय (बाबरपुर), सौरभ भारद्वाज (ग्रेटर कैलाश), सत्येंद्र जैन (शकूर बस्ती): महत्वपूर्ण मंत्री।
भाजपा का फोकस, अब तक 29 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी
- 7 नए चेहरे: AAP और कांग्रेस से आए नेताओं को मौका।
प्रमुख उम्मीदवार:
- प्रवेश वर्मा (नई दिल्ली): अरविंद केजरीवाल के खिलाफ।
- रमेश बिधूड़ी (कालकाजी): आतिशी के खिलाफ।
- तरविंदर सिंह मारवाह (जंगपुरा): मनीष सिसोदिया के खिलाफ।
विवाद: मतदाता सूची पर सवाल
AAP ने चुनाव से पहले मतदाता सूची में गड़बड़ियों का आरोप लगाया है।
- आरोप: नई दिल्ली सीट पर 6,166 मतदाताओं के नाम हटाए गए, जो कुल मतों का 5.77% है।
- सीएम आतिशी का पत्र: मतदाता सूची में गड़बड़ी के खिलाफ सबूत के साथ कार्रवाई की मांग।
- भाजपा का पलटवार: पार्टी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने AAP पर चुनाव अधिकारियों को धमकाने का आरोप लगाया और इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के आंकड़े
- कुल सीटें: 70
- सामान्य सीटें: 58
- अनुसूचित जाति सीटें: 12
- बहुमत के लिए जरूरी सीटें: 36
- कुल मतदाता: 1.55 करोड़
- पुरुष: 83.49 लाख
- महिला: 71.74 लाख
- थर्ड जेंडर: 1261
- नए मतदाता: 2.08 लाख
नोट- सोर्स मीडिया रिपोर्ट्स।
2025 का चुनाव: मुद्दे और चुनौतियां
- AAP के सामने चुनौती: पिछले कार्यकाल में पार्टी को शिक्षा, स्वास्थ्य, और सस्ती बिजली-पानी के मुद्दों पर सराहना मिली। हालांकि, मतदाता सूची विवाद और कुछ बड़े नेताओं के इस्तीफे या टिकट बदलने से पार्टी को नुकसान हो सकता है।
- भाजपा की उम्मीदें: भाजपा ने अपने संगठन को मजबूत करते हुए पिछली हार से सबक लिया है। पार्टी दिल्ली में नए चेहरों और सशक्त अभियानों के जरिए अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
- कांग्रेस की स्थिति: कांग्रेस पिछले दो चुनावों में शून्य पर सिमट गई थी। इस बार पार्टी को अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए संघर्ष करना होगा।
चुनाव पर सभी की नजरें
चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ दिल्ली में राजनीतिक माहौल और तेज हो जाएगा। AAP और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है, जबकि कांग्रेस अपनी सियासी वापसी की कोशिश में है। आने वाले हफ्ते यह तय करेंगे कि दिल्ली का ताज किसे मिलेगा।
ये भी पढ़ें- Delhi Election 2025 Dates: आज होगा दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, कहां देखें लाइव प्रसारण?












Click it and Unblock the Notifications